गेहूं- रबी बुवाई के आंकड़े: अब तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है
29-Dec-2025 07:21 PM
गेहूं- रबी बुवाई के आंकड़े: अब तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है
रबी फसलों की बुवाई को लेकर अब यह समझ आने लगा है कि “ऊंट किस करवट बैठ सकता है”। सीजन की शुरुआत में बुवाई की रफ्तार काफी तेज थी, लेकिन अब समय के साथ यह गति सामान्य होती दिखाई दे रही है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गेहूं का सामान्य रकबा 312.35 लाख हेक्टेयर रहा है। पिछले रबी सीजन 2024-25 में कुल बुवाई रकबा 328.04 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया था। वहीं चालू रबी सीजन 2025-26 में अब तक गेहूं की बुवाई 322.68 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (322.49 लाख हेक्टेयर) के मुकाबले मात्र 0.19 लाख हेक्टेयर अधिक है। ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं।
इस वर्ष मानसून की बारिश अच्छी रही और साथ ही गेहूं के दाम भी ऊंचे स्तर पर बने रहे, जिसका असर शुरुआती बुवाई में साफ तौर पर दिखा। हालांकि अब जैसे-जैसे समय आगे बढ़ रहा है और आधिकारिक आंकड़े सामने आ रहे हैं, बुवाई की वास्तविक स्थिति ज्यादा स्पष्ट होती जा रही है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि केवल गेहूं ही नहीं, बल्कि अन्य रबी फसलों के बुवाई आंकड़ों में भी धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। शुरुआती तेजी के बाद अब आंकड़े संतुलन की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।
इसी कारण IGRAIN INDIA बुवाई के शुरुआती आंकड़ों को लेकर जल्दबाज़ी में कोई निष्कर्ष नहीं निकालता। हमारा मानना है कि बुवाई के आंकड़ों को पूरी तरह स्पष्ट होने में समय लगता है और अंतिम तस्वीर धीरे-धीरे ही सामने आती है।
आने वाले हफ्तों में जैसे-जैसे रबी सीजन आगे बढ़ेगा, उत्पादन और बाजार की दिशा को लेकर और अधिक साफ संकेत मिलने की उम्मीद है।
कह सकते हैं कि ऊंट किस ओर करवट लेने वाला है, परन्तु ध्यान रखें कि ऊंट तो ऊंट है।
