गुजरात में एमएसपी पर चना और सरसों की खरीद का निर्णय

17-Feb-2026 03:16 PM

अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने 2026 के रबी मार्केटिंग सीजन में राज्य के किसानों से केन्द्र द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर चना तथा सरसों खरीदने का निर्णय लिया है जिससे उत्पादकों को राहत मिलेगी।

किसानों में इस महवत्पूर्ण दलहन एवं तिलहन की खरीद प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) स्कीम तथा मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत की जाएगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी एजेंसी को अपना उत्पाद बेचने के इच्छुक किसान 5 मार्च तक रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि 2025-26 के रबी सीजन हेतु केन्द्र सरकार ने चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5875 रुपए प्रति क्विंटल तथा सरसों का एमएसपी बढ़ाकर 6200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य कृषि विभाग के आंकड़ों से पता चलता है

कि 2024-25 की तुलना में 2025-26 के रबी सीजन के दौरान गुजरात में चना का बिजाई क्षेत्र 8.50 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9.20 लाख हेक्टेयर हो गया। सरसों का रकबा भी बढ़कर 2.84 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।