गुजरात में एमएसपी पर होगी तुवर की सरकारी खरीद

26-Dec-2025 09:29 PM

अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान राज्य में किसानों से 8000 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अरहर (तुवर) की खरीद का निर्णय लिया है। गुजरात के कृषि मंत्री ने कहा है कि केन्द्र द्वारा घोषित एमएसपी पर किसानों से तुवर की खरीद होगी जिससे उत्पादकों को जल्दी राहत मिलेगी।

इस खरीद के लिए किसानों के पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया 22 दिसम्बर 2025 से आरंभ हो चुकी है। इसके साथ ही वहां तुवर की सरकारी खरीद भी आरंभ हो गई ताकि पूरी प्रक्रिया में सुगमता-पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। सरकार के इस कदम से राज्य के किसानों को राहत मिलेगी। 

कृषि मंत्री ने राज्य के किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं उसकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा है कि तुवर उत्पादकों को उचित एवं लाभकारी मूल्य प्राप्त होगा और बाजार के उतार-चढ़ाव के दुष्प्रभाव से बचने का मौका मिलेगा। तुवर का थोक मंडी भाव घटकर एमएसपी से नीचे आ गया है। 

गुजरात में तुवर की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है और इसकी सरकारी खरीद भी जल्दी शुरू हो जाने से किसानों को औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा।

हालांकि गुजरात में महाराष्ट्र एवं कर्नाटक की भांति तुवर का विशाल उत्पादन तो नहीं होता है लेकिन फिर भी वह इसके महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में शामिल है। केन्द्र सरकार से तुवर की खरीद के लिए मंजूरी पहले ही प्राप्त हो चुकी है। तुवर गुजरात में खरीफ सीजन की अग्रणी दलहन फसल मानी जाती है।