गुजरात में रबी फसलों का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से काफी पीछे

18-Nov-2024 07:11 PM

अहमदाबाद । देश के पश्चिमी भाग में स्थित एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- गुजरात में रबी फसलों की बिजाई तो आरंभ हो चुकी है लेकिन अभी इसका कुल क्षेत्रफल गत वर्ष से काफी पीछे चल रहा है।

राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार गुजरात में इस वर्ष 18 नवम्बर तक रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 7.69 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंचा जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 11.77 लाख हेक्टेयर से 4.08 लाख हेक्टेयर कम तथा सामान्य औसत क्षेत्रफल 46.07 लाख हेक्टेयर का 16.7 प्रतिशत है। आगामी समय में बिजाई की रफ्तार कुछ तेज होने की संभावना है। 

अनाजी फसलों के संवर्ग में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 1.88 लाख हेक्टेयर से घटकर 94 हजार हेक्टेयर, ज्वार का बिजाई क्षेत्र 15 हजार हेक्टेयर से गिरकर 4 हजार हेक्टेयर, मक्का का क्षेत्रफल 26 हजार हेक्टेयर से लुढ़ककर 18 हजार हेक्टेयर तथा अन्य अनाजों का रकबा 3 हजार हेक्टेयर से फिसलकर 2 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।

इस तरह अनाजी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 2.31 लाख हेक्टेयर की तुलना में इस बार 1.18 लाख हेक्टेयर तक ही पहुंच सका।

दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र भी 2.14 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.93 लाख हेक्टेयर रह गया। इसके तहत चना का बिजाई क्षेत्र 1.86 लाख हेक्टेयर से घटकर 1.32 लाख हेक्टेयर पर सिमट गया।  मगर अन्य दलहनों का क्षेत्रफल 28 हजार हेक्टेयर से उछलकर 61 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

तिलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 1,66,387 हेक्टेयर से घटकर इस बार 78,994 हेक्टेयर पर अटक गया। इसके तहत सरसों का बिजाई क्षेत्र 1,66,299 हेक्टेयर से गिरकर 78,032 हेक्टेयर रह गया जबकि अन्य तिलहनों का रकबा 88 हेक्टेयर से बढ़कर 962 हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

मसाला फसलों के संवर्ग में गुजरात में पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान जीरा का उत्पादन क्षेत्र 88,696 हेक्टेयर से लुढ़ककर 17,687 हेक्टेयर, धनिया का बिजाई क्षेत्र 35,754 हेक्टेयर से घटकर 16,940 हेक्टेयर, सावा का रकबा 6314 हेक्टेयर से घटकर 110 हेक्टेयर, तथा सौंफ का रकबा 32,452 हेक्टेयर से लुढ़ककर 1381 हेक्टेयर पर सिमट गया

जबकि दूसरी ओर लहसुन का उत्पादन क्षेत्र 3196 हेक्टेयर से सुधरकर 5360 हेक्टेयर तथा इसबगोल का क्षेत्रफल 591 हेक्टेयर से बढ़कर 1819 हेक्टेयर पर पहुंच गया।

इसके अलावा गुजरात में गन्ना का उत्पादन क्षेत्र 91 हजार हेक्टेयर से घटकर 76 हजार हेक्टेयर रह गया मगर प्याज का रकबा 23 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 27 हजार हेक्टेयर हो गया।