गुजरात में रबी फसलों का रकबा गत वर्ष से 2 लाख हेक्टेयर पीछे
22-Dec-2025 07:44 PM
अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में रबी फसलों की बिजाई तो नियमित रूप से जारी है मगर इसका रकबा गत वर्ष से करीब 2.07 लाख हेक्टेयर पीछे चल रहा है। राज्य कृषि विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि गुजरात में इस वर्ष रबी फसलों का उत्पादन क्षेत्र 41.25 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है
जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 43.32 लाख हेक्टेयर से 2.07 लाख हेक्टेयर कम और सामान्य औसत क्षेत्रफल 46.44 लाख हेक्टेयर का 89 प्रतिशत है। चूंकि बिजाई की प्रक्रिया अभी जारी है इसलिए आगामी समय में वहां रबी फसलों का कुल रकबा इस औसत क्षेत्रफल से आगे निकल सकता है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में मौजूदा रबी सीजन के दौरान गुजरात में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 12.00 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 12.16 लाख हेक्टेयर, मोटे अनाजों का बिजाई क्षेत्र 13.53 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 13.66 लाख हेक्टेयर तथा तिलहन फसलों का क्षेत्रफल 2.51 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.07 लाख हेक्टेयर पर अटक गया जबकि दलहन फसलों का रकबा 8.55 लाख हेक्टेयर से घटकर 8.11 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
दलहन फसलों में चना का उत्पादन क्षेत्र 7.87 लाख हेक्टेयर से घटकर 7.64 लाख हेक्टेयर पर अटका और अन्य दलहनों का रकबा भी 67 हजार हेक्टेयर से गिरकर 44 हजार हेक्टेयर रह गया।
लेकिन तिलहन फसलों में सरसों का क्षेत्रफल 2.49 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.76 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। मोटे अनाजों में ज्वार का बिजाई क्षेत्र 11 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 12 हजार हेक्टेयर पर पहुंचा लेकिन मक्का का रकबा 1.26 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 1.24 लाख हेक्टेयर रह गया।
मसाला फसलों के संवर्ग में जीरा का उत्पादन क्षेत्र 4,42,238 हेक्टेयर से घटकर 3,54,169 हेक्टेयर, धनिया का बिजाई क्षेत्र 1,20,512 हेक्टेयर से गिरकर 1,12,333 हेक्टेयर तथा सौंफ का क्षेत्रफल 46,514 हेक्टेयर से फिसलकर 43,470 हेक्टेयर रह गया। ईसबगोल का रकबा भी 18,018 हेक्टेयर से घटकर 11,694 हेक्टेयर पर आ गया। अन्य फसलों की बिजाई गत वर्ष के बराबर या उससे कम हुई हैं।
