गुजरात में समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन खरीदने का निर्णय

01-Oct-2024 01:48 PM

गांधीनगर । देश के पश्चिमी भाग में अवस्थित एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक प्रान्त- गुजरात में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से मूंगफली, सोयाबीन, उड़द एवं मूंग खरीदने का निर्णय लिया गया है। खरीद की प्रक्रिया 11 नवम्बर से आरंभ होकर अगले करीब 90 दिनों तक जारी रहेगी। 

गुजरात के कृषि मंत्री का कहना है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन फसलों की खरीद करने का उद्देश्य किसानों को सहयोग देना और यह सुनिश्चित करना है कि उन्हें अपने उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।

कृषि मंत्री के मुताबिक राज्य के 160 से अधिक क्रय केन्द्रों पर इन दलहनों-तिलहनों की खरीद "लाभ पंचम" के बाद आरंभ कर दी जाएगी।

समर्थन मूल्य पर अपना उत्पाद बेचने के इच्छुक किसानों को 3 से 31 अक्टूबर 2024 के बीच ई-ग्राम केन्द्रों के जरिए ई-समृद्धि पोर्टल पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक होगा। 

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6783 रुपए प्रति क्विंटल, सोयाबीन का 4892 रुपए  प्रति क्विंटल,

मूंग का 8682 रुपए प्रति क्विंटल तथा उड़द का समर्थन मूल्य 7400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जो 2023-24 सीजन की तुलना में क्रमश: 6.4 प्रतिशत अधिक है।

गुजरात देश में मूंगफली का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य माना जाता है और पिछले साल के मुकाबले इस बार वहां इसके बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है।

हालांकि सौराष्ट्र संभाग में भारी वर्षा एवं बाढ़ से खरीफ कालीन दलहन-तिलहन फसलों को कुछ नुकसान हुआ है लेकिन शेष फसल की हाट काफी अच्छी बताई जा रही है। गुजरात में मूंग, उड़द एवं सोयाबीन का भी अच्छा उत्पादन होता है। वहां से मानसून प्रस्थान करने लगा है।