गुजरात और मध्य प्रदेश के कई भागों में अत्यंत भारी वर्षा होने का अनुमान
03-Sep-2024 07:40 PM
तिरुअनन्तपुरम । जल वाष्प मानचित्र से पता चलता है कि पूर्वी गुजरात, सौराष्ट्र एवं कच्छ, पश्चिमी मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश के तटवर्ती भाग तथा पूर्वोत्तर भारत के ऊपर अत्यन्त सघन बादल छाए हुए थे जिससे इन इलाकों में अत्यन्त मूसलाधार बारिश होने की संभावना थी।
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 3 सितम्बर 2024 को उत्तरी गुजरात, गांधी नगर एवं दक्षिणी गुजरात में भारी से लेकर अत्यन्त भारी वर्षा होने के आसार है।
धीमी-चाल वाला एक डिप्रेशन तो कमजोर पड़ गया मगर विदर्भ क्षेत्र के ऊपर एक पूर्ण व्यवस्थित कम दाब का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके फलस्वरूप वहां लम्बे समय तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
आसना चक्रवाती तूफान तो गुजर गया मगर उसके अवशेष के तौर पर एक कम दाब का क्षेत्र अरब सागर में दूरवर्ती क्षेत्र के ऊपर विद्यमान है।
बंगाल की खाड़ी में भी कम दाब का क्षेत्र बनने के संकेत मिल रहे हैं। इस तरह दोनों समुद्रों से वर्षा लादे बादलों का प्रवाह आंध्र प्रदेश तट पर आपस में विलय कर सकते हैं। जमीन पर आधारित सिस्टम एक और दिन तक सक्रिय रहेगा और फिर कमजोर पड़ता जाएगा।
2 सितम्बर की शाम तक गुजरात के कई क्षेत्रों में अत्यन्त जोरदार तथा पूर्वी राजस्थान में भारी वर्षा दर्ज की गई। 3 सितम्बर के लिए मौसम विभाग ने जो अनुमान लगाया है वह सच साबित हो रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात और मध्य प्रदेश के साथ-साथ जम्मू कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत, मध्य महाराष्ट्र, केरल, माही एवं तटीय कर्नाटक में बारिश होने की उम्मीद है।
पिछले दो-तीन दिन से आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना जैसे राज्यों में मूसलाधार वर्षा होने से खरीफ फसलों को भारी नुकसान होने की खबर है।
