गन्ना की क्रशिंग में 237 लाख टन से अधिक का इजाफा

01-Jan-2026 11:53 AM

नई दिल्ली। भरपूर आपूर्ति होने तथा मिलो की सक्रियता बढ़ने से चालु मार्केटिंग सीजन के दौरान राष्ट्रिय स्तर पर गन्ना की क्रशिंग में जोरदार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। सहकारी चीनी मिलो के शीर्ष संगठन नेशनल फेडरेशन ऑफ़ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (एन एफ सी एस एफ) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान मार्केटिंग सीजन में 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 की तिमाही के दौरान देश भर की चीनी मिलो में गन्ना की कुल क्रशिंग बढ़कर 1339.21 लाख टन पर पहुंच गई जो वर्ष 2024 की सामान अवधि में हुई क्रशिंग 1101.87 लाख टन से 237.65 लाख टन या 21.55 प्रतिशत अधिक है। 

फेडरेशन की रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान गन्ना की क्रशिंग उत्तरप्रदेश में 366.29 लाख टन से सुधरकर 367.53 लाख टन, महाराष्ट्र में 347.67 लाख टन से उछलकर 556.57 लाख टन. कर्नाटक में 271.76 लाख टन से बढ़कर 279.75 लाख टन तथा गुजरात में 29.55 लाख टन से सुधरकर 31.32 लाख टन पर पहुंच गई। 

इसके आलावा समीक्षाधीन तिमाही के दौरान आँध्रप्रदेश में 2.60 लाख टन, बिहार में 19.70 लाख टन, हरियाणा में 15.38 लाख टन, मध्यप्रदेश में 11.25 लाख टन, पंजाब में 16.67 लाख टन, तमिलनाडु में 10 लाख टन, तेलंगाना में 8.89 लाख टन, उत्तराखंडः में 14.86 लाख टन तथा देश के अन्य राज्यों में 4.71 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई। सभी राज्यों में क्रशिंग का कार्य अभी जोर शोर से जारी है। 

गन्ना की क्रशिंग में जोरदार वृद्धि होने तथा गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में सुधार आने के कारण आवोच्य तिमाही के दौरान राष्ट्रिय स्तर पर चीनी का कुल उत्पादन भी 95.60 लाख टन से 22.70 लाख टन या 23.74 प्रतिशत बढ़कर 118.30 लाख टन पर पहुंच गया। चीनी के उत्पादन में इस बार अच्छी वृद्धि होने की उम्मीद है।