गांधीनगर में 27-28 फरवरी को ग्लोबल कैस्टर कांफ्रेंस का आयोजन
20-Feb-2026 05:14 PM
मुम्बई। स्वदेशी वनस्पति तेल- तिलहन उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक अग्रणी संगठन- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा 27-28 फरवरी 2026 को गुजरात की राजधानी- गांधीनगर के 'दि लीला' होटल में 24 वें ग्लोबल कैस्टर कांफ्रेंस (वैश्विक अरंडी सम्मेलन) का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें भाग लेने के लिए 300 से ज्यादा प्रतिनिधि पहले ही अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं जिससे इस कांफ्रेंस की उपयोगिता का स्पष्ट संकेत मिलता है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले इच्छुक प्रतिनिधियों का अंतिम आंकड़ा 400 से ऊपर पहुंच जाएगा। इससे पूर्व के आयोजन में भी 400 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग लेते रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में अरंडी का सबसे प्रमुख उत्पादक तथा इसके मूल्य संवर्धित उत्पाद- अरंडी तेल एवं अरंडी मील का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। भारत से दुनिया के अनेक देशों को बड़े पैमाने पर इन उत्पादों का निर्यात किया जाता है और इससे देश को भारी-भरकम बहुमूल्य विदेशी मुद्रा प्राप्त होती है।
एसोसिएशन के अनुसार इस ग्लोबल कैस्टर कांफ्रेंस में अरंडी क्षेत्र में निरंतरता, इनवेशन एवं मूल्य संवर्धन जैसे विषयों पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, लाभप्रद एवं उपयोगी साबित होता रहा है और इसमें सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जोर दिया जाता है। अरंडी तेल एवं अरंडी मील के उत्पादों व्यापारियों तथा निर्यातकों को इस कार्यक्रम में अवश्य भाग लेना चाहिए।
