हिन्द महासगार का डायपोल हुआ न्यूट्रल- ला नीना की सक्रियता जारी

30-Dec-2025 08:50 PM

सिडनी। हिन्द महासगार का डायपोल (आईओडी) पहले ऋणात्मक (निगेटिव) दौर में चल रहा था लेकिन अब अपना स्वरुप बदलकर उदासीन (न्यूट्रल) फेज में आ गया है। कहने का मतलब यह है कि आईओडी फिलहाल न तो घनात्मक और न ही ऋणात्मक चरण में है। इधर ला नीना मौसम चक्र अभी सक्रिय बना हुआ है। 

ऑस्ट्रेलियाई मौसम ब्यूरो की पाक्षिक रिपोर्ट के अनुसार ट्रॉपिकल प्रशांत महासगार के ऊपर ला नीना मौसम चक्र बरकरार है और अगले साल (2026) के आरंभिक महीनों तक वहां तापमान इसके लिए अनुकूल बना रह सकता है।

ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2026 के पतझड़ (ऑटोमन) सीजन तक आईओडी के न्यूटल रहने की संभावना है। ध्यान देने की बात है कि दक्षिणी गोलार्द्ध में पतझड़ का सीजन मार्च से मई तक रहता है। ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील एवं अर्जेन्टीना दक्षिणी गोलार्द्ध के देश हैं। 

ब्यूरो के मुताबिक हिन्द महासागर का डायपोल आमतौर पर दिसम्बर से अप्रैल तक उदासीन या निष्क्रिय रहता है जिससे उत्तरी गोलार्द्ध में इसके निकटवर्ती देशों में बारिश अपेक्षाकृत कम होती है। लेकिन इस बार ला नीना के सक्रिय होने से वर्षा की अच्छी उम्मीद की जा सकती है।

भारत में मार्च से मई के दौरान मानसून-पूर्व की बारिश होती है जिससे खासकर जायद  सीजन की फसल को फायदा होता है। कभी-कभी यह रबी फसलों की कटाई-तैयारी को प्रभावित भी करती है।