इंडोनेशिया में क्रूड पाम तेल पर निर्यात लेवी में होगी वृद्धि

19-May-2025 05:05 PM

जकार्ता। इंडोनेशिया की सरकार बायोडीजल कार्यक्रम तथा बागानों में रिप्लांटिंग अभियान हेतु धन जुटाने के उद्देश्य से क्रूड पाम तेल (सीपीओ) पर निर्यात लेवी को 7.5 प्रतिशत के मौजूदा स्तर से बढ़ाकर 10 प्रतिशत नियत करेगी।

यह निर्यात लेवी पाम तेल के रिफरेंस मूल्य पर आधारित होगी। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक रेग्युलेशन में इस संशोधित लेवी की जानकारी देते हुए कहा गया है

कि यह लेवी पाम तेल के अन्य उत्पादों (डेरिवेटिव्स) पर भी लागू होगी क्योंकि सरकार अपने पाम तेल उद्योग की दीर्घकालीन निरंतरता को बहाल रखने के लिए जोरदार प्रयास कर रही है। 

उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां सरकार की पाम तेल निर्यात नीति में हाल के वर्षों में काफी बदलाव आया है।

इंडोनेशिया सरकार घरेलू प्रभाग में क्रूड पाम तेल की खपत बढ़ाने का प्रयास कर रही है। इसके तहत जहां बायोडीजल के निर्माण में इसके अनिवार्य उपयोग का स्तर बढ़ाकर 40 प्रतिशत नियत कर दिया गया है

वहीं प्रोसेसिंग उद्योग को काफी प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है ताकि सीपीओ के बजाए आरबीडी पामोलीन / रिफाइंड पाम तेल के निर्यात को बढ़ावा मिल सके। इसके फलस्वरूप वहां सीपीओ पर ज्यादा और रिफाइंड पाम तेल पर कम निर्यात शुल्क लगाया जाता है।

इंडोनेशिया में जनवरी 2025 से बायोडीजल में पाम तेल के उपयोग का स्तर बढ़ाकर 40 प्रतिशत नियत कर दिया गया है जिसे 'बी 40 प्रोग्राम' कहा जाता है।

इस महत्वाकांशी नीति को सफलतापूर्वक लागू करने हेतु सरकार को सब्सिडी देने की जरूरत पड़ सकती है और इसके लिए धन की जरूरत पड़ेगी।

इस फंड को जुटाने में निर्यात लेवी कारगर साबित हो सकती है। निर्यात लेवी में इजाफा होने से इंडोनेशियाई सीपीओ कुछ महंगा हो सकता जिसे आयातक देशों का खर्च बढ़ जाएगा।