ई 22 से ई 30 के लिए बी आई एस का प्रकाशन एथनॉल के लिए महत्वपूर्ण
19-May-2026 06:56 PM
नई दिल्ली। जैव ईंधन (बायो फ्यूल) में एथनॉल के मिश्रण का स्तर 22 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने के बारे में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) का प्रकाशन भारतीय एथनॉल मिश्रण के रोडमैप की दिशा में आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण सामयिक एवं व्यावहारिक कदम है।
ऑल इंडिया डिस्टीलर्स एसोसिएशन ने इस प्रकाशन का स्वागत करते हुए कहा है कि यह केवल एक तकनीकी अधिसूचना नहीं है बल्कि एथनॉल के ऊंचे मिश्रण, क्रूड (खनिज तेल) के आयात पर निर्भरता में कमी तथा स्वच्छ ईंधन का उपयोग बढ़ाने की दिशा में सरकार के दीर्घकालीन संकल्प को पूरा करने के लिए एक प्रगतिशील एवं अग्रसोची कदम भी है।
ई- 25 ईंधन मानक के पुनः प्रचलन शुरू करने के कदम का स्वागत करते हुए एसोसिएशन ने कहा है कि इससे उद्योग को अंतरिम राहत मिलेगी। चीनी तथा एथनॉल के उत्पादन की क्षमता देश में काफी बढ़ गई है और इस नए कदम से उस क्षमता के अधिक भाग का उपयोग करने में सहायता मिलेगी।
एसोसिएशन के अनुसार निश्चित रूप से फौरी तौर पर यह एक अच्छा निर्णय है लेकिन अंतिम मंजिल नहीं है। सरकार को एथनॉल मिश्रण का लक्ष्य आने वाले समय में बढ़ाकर 85 प्रतिशत या 100 प्रतिशत तक नियत करने का प्लान बनाना चाहिए।
