इस्मा द्वारा 26-27 सितम्बर को दिल्ली में दूसरे वार्षिक कांफ्रेंस का आयोजन

19-Sep-2024 01:19 PM

नई दिल्ली । भारतीय चीनी उद्योग की शीर्ष संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा 26-27 सितम्बर 2024 को जे डब्ल्यू मैरयट एयरोसिटी, नई दिल्ली में "इंडिया शुगर एंड बायो एनर्जी "कांफ्रेंस" के दूसरे वार्षिक संस्करण का आयोजन किया जा रहा है जिसकी विषय वस्तु (थीम)-"हार्मोंनाजिंग स्वीट सस्टैनिबिलिटी : नेविगेटिंग इंडियाज पाथ टू ए ग्रीन इकोनॉमी "नियत की गई है।

इस दो दिवसीय कांफ्रेंस में नीति निर्माताओं, उद्योग, के भागीदारों, इनोवेटर्स तथा अन्य तमाम सम्बद्ध पक्षों को एक मंच पर एकत्रित होकर अपना विचार व्यक्त करने तथा उभरते अवसरों का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में चीनी उद्योग तथा जैव ऊर्जा क्षेत्र (मुख्यत: एथनॉल) के भविष्यत विकास के रास्ते में आने वाली अड़चनों एवं समस्यायों को दूर करने के उपायों पर गंभीरतापूर्वक विचार होगा। 

इस्मा की मेजबानी में इस कांफ्रेंस का आयोजन भारत सरकार तथा इंटरनेशनल शुगर आर्गेनाइजेशन (आईएसओ) के सहयोग से किया जा रहा है जिसमें देश-विदेश के अनगिनत प्रतिनिधियों एवं विश्लेषकों- विशेषज्ञों के उपस्थित होने की उम्मीद है।

इस कांफ्रेंस का उद्घाटन केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण तथा नई एवं नवीनीकृत ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी द्वारा किया जाएगा और उसमें इस्मा के महानिदेशक दीपक बल्लानी उनका सहयोग करेंगे।

इस्मा के महानिदेशक द्वारा ही धन्यवाद ज्ञापन होगा और आधिकारिक रूप से 'इस्मा टाइम्स' का शुभारम्भ किया जाएगा।

इस्मा टाइम्स इस शीर्ष संस्था को समर्पित एक उत्कृष्ट पत्रिका (मैगजीन) है जिसमें चीन तथा जैव ऊर्जा उद्योग से संबंधित तमाम घटनाओं, प्रगति एवं महत्वपूर्ण बातों (सूचना, जानकारी,  आंकड़ा आदि) का विस्तृत विवरण प्रकाशित किया जाएगा।