कमजोर निर्यात मांग से कनाडा में मसूर का भाव नरम

11-Oct-2025 11:45 AM

सस्काटून। बेहतर उत्पादन एवं कमजोर निर्यात मांग के कारण कनाडा की मंडियों में मसूर का भाव नरम चल रहा है। यद्यपि उत्पादकों द्वारा सीमित मात्रा में माल की बिक्री की जा रही है लेकिन फिर भी कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

छोटी लाल मसूर का दाम तो पिछले दिनों घटकर 22 सेंट प्रति पौंड के आसपास आ गया था। कहीं-कहीं यह 23 सेंट प्रति पौंड भी बोला जा रहा है।

उधर ऑस्ट्रेलिया में मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी का समय नजदीक आने से कनाडाई माल की खरीद के प्रति विदेशी आयातकों की दिलचस्पी घटती जा रही है।

कुछ समीक्षकों का मानना है कि इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन उछलकर 18 लाख टन से भी ऊपर पहुंच सकता है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर होगा। इससे वैश्विक बाजार में मसूर की आपूर्ति एवं उपलब्धता में भारी बढ़ोत्तरी होगी और कीमतों पर दबाव बरकरार रह सकता है।

रूस तथा कजाकिस्तान में भी 10 लाख टन मसूर का शानदार उत्पादन होने का अनुमान है। स्वयं कनाडा में उत्पादन काफी बढ़ने की सूचना मिल रही है। इससे वैश्विक निर्यात बाजार में तीव्र प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। 

पश्चिमी कनाडा की मंडियों में नम्बर 2 श्रेणी की मोटी हरी मसूर का भाव 27.00-27.50 सेंट प्रति पौंड के बीच स्थिर बना हुआ है जबकि नम्बर 1 क्वालिटी के माल का दाम 31 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है।

इधर भारत में मसूर की बिजाई जल्दी ही जोर पकड़ने की संभावना है। सरकार ने इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य में भारी बढ़ोत्तरी कर दी है जिससे किसानों का उत्साह बढ़ सकता है।