कनाडा में चुनिंदा किस्मों की मसूर में बेहतर कारोबार

23-Apr-2026 05:23 PM

सस्काटून। पश्चिमी कनाडा और खासकर सस्कैचवान प्रान्त की मंडियों में चालू सप्ताह के दौरान चुनिंदा किस्मों की मसूर में कारोबार बेहतर देखा जा रहा है जिससे इसका भाव मजबूत बना हुआ है। लाल मसूर का हाजिर मूल्य फ्री ऑन बोर्ड फार्म आधार पर 25 सेंट प्रति पौंड तथा कहीं-कहीं 25-26 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है।

इसकी अगली नई फसल (जो अगस्त से आएगी) का अनुबंध मूल्य भी 24 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है। छोटी हरी मसूर का कारोबार आमतौर पर 19 सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर हो रहा है जबकि सस्कैचवान के मध्यवर्ती क्षेत्र में यह 20 सेंट प्रति पौंड बोला जा रहा है। लेकिन इसकी अगली फसल का अनुबंध मूल्य 22 सेंट पर पहुंच गया है।

कनाडा में मसूर का अच्छा खासा स्टॉक अभी मौजूद है जबकि अगली फसल के लिए बिजाई शुरू हो गई है। बिजाई के प्रति उत्पादक कुछ असमंजस में है।

दरअसल हरी मसूर का भाव घटकर लाल मसूर से नीचे आ गया है जबकि आमतौर पर यह उससे काफी ऊंचा रहता है। मोटे हरी मसूर का दाम 23-24 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है। मसूर की बिजाई की तस्वीर अगले महीने के अंत तक सामने आएगी।