कनाडा में मसूर का बकाया स्टॉक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना
19-Feb-2026 07:59 PM
विनीपेग। कनाडा के कृषि मंत्रालय ने कहा है कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान देश से मसूर का निर्यात बढ़कर 21 लाख टन पर पहुंच सकता है लेकिन इसके बावजूद सीजन के अंत में इसका बकाया अधिशेष स्टॉक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना है।
इसके फलस्वरूप मसूर की कीमतों पर पूरे मार्केटिंग सीजन के दौरान दबाव बरकरार रह सकता है। जनवरी 2026 के दौरान मोटी हरी मसूर का दाम उत्पादक मंडियों में 10 डॉलर प्रति टन नीचे गिर गया जबकि लाल मसूर का भाव सस्कैचवान प्रान्त में 10 डॉलर प्रति टन सुधर गया।
कृषि मंत्रालय के मुताबिक नंबर वन श्रेणी की मोटी हरी मसूर का भाव फिलहाल नम्बर 1 ग्रेड की लाल मसूर की कीमतों से महज 95 डॉलर प्रति टन ऊंचा है जबकि 2024-25 के सीजन में 465 डॉलर प्रति टन ऊंचा चल रहा था। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि लाल मसूर के मूल्य में तेजी-मजबूती एवं हरी मसूर के दाम में नरमी का माहौल बना हुआ है।
उधर अमरीका में 2024-25 सीजन के मुकाबले 2025-26 सीजन के दौरान मसूर का उत्पादन 17 प्रतिशत बढ़कर 4.79 लाख टन पर पहुंच गया अमरीका में मुख्यतः हरी मसूर का उत्पादन होता है। कनाडा से अमरीका को मसूर का सीमित निर्यात होता है। इसकी मात्रा 2025-26 के सीजन में 75 हजार टन के आसपास रह सकती है।
2026-27 सीजन के लिए कनाडा में मसूर का बिजाई क्षेत्र 10 प्रतिशत गिरकर 16 लाख हेक्टेयर पर अटकने की संभावना है जबकि इसका उत्पादन 33 प्रतिशत की जोरदार गिरावट के साथ 22.50 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
