कनाडा में मटर की पुरानी एवं नई फसल का भाव लगभग बराबर
24-Jul-2025 12:57 PM
रेगिना। कनाडा में मटर की नई फसल की कटाई-तैयारी अगले महीने शुरू होने वाली है जबकि इसकी खरीद बिक्री के लिए अग्रिम अनुबंध पहले से ही हो रहे हैं। आमतौर पर नए माल का भाव पुराने स्टॉक से नीचे रहता है लेकिन निर्यात मांग कमजोर रहने से फिलहाल पुराने स्टॉक की मटर का भाव घटकर नए माल के अनुबंध मूल्य के लगभग समतुल्य हो गया है या इसमें मामूली अंतर देखा जा रहा है।
व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक पीली मटर का सांकेतिक मूल्य 8-9 डॉलर प्रति बुशेल, मापले मटर का दाम 13 डॉलर प्रति बुशेल तथा हरी मटर का भाव 13-14 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है। इसमें अधिकतम 3 प्रतिशत दाना चिपटा हो सकता है।
कनाडा में मटर की बिजाई जून में ही समाप्त हो गई थी और पिछले साल के मुकाबले इस बार क्षेत्रफल में करीब 9 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। कुल मिलाकर सस्कैचवान एवं अल्बर्टा जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में मटर फसल की हालत बेहतर नजर आ रही है और इसके उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
इसके फलस्वरूप कनाडा में मटर का निर्यात योग्य अधिशेष स्टॉक बढ़ेगा और इसके अनुरूप आयातक देशों में इसकी मांग भी बढ़नी चाहिए अन्यथा मार्केटिंग सीजन के अंत में वहां मटर का बकाया स्टॉक बढ़कर काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच जाएगा और कीमतों पर दबाव भी बढ़ेगा।
चीन को लेकर कनाडा की चिंता अभी बरकरार है क्योंकि उसने कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा रखा है। भारत सरकार ने पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दी है लेकिन जिस तरह घरेलू प्रभाग में दलहनों का भाव घटकर नीचे आ रहा है
उसे देखते हुए प्रतीत होता है कि आगामी समय में सरकार दलहन की आयात नीति में बदलाव करने पर विचार कर सकती है। मौजूदा समय कनाडाई दलहन बाजार के लिए शांति और स्थिरता का होता है इसलिए बाजार में ज्यादा हलचल नहीं है। आयातकों का ध्यान भी अगली फसल पर केन्द्रित है जिसकी आवक अगस्त में शुरू होने वाली है।
