कनाडा में मटर का उत्पादन 31 प्रतिशत बढ़कर 39 लाख टन पर पहुंचा
16-Jan-2026 11:48 AM
ओटावा। सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन द्वारा जो अंतिम आंकड़ा जारी किया गया है उससे पता चलता है कि 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा में मटर का कुल उत्पादन बढ़कर 39 लाख टन पर पहुंच गया जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 29 लाख टन से 10 लाख टन या 31 प्रतिशत ज्यादा है।
इतना ही नहीं बल्कि वहां पिछले बकाया स्टॉक के साथ मटर की कुल उपलब्धता में भी 12 लाख टन की बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। मटर की फसल पहले ही कट चुकी है और सम्पूर्ण उत्पादन भी किसानों के पास पहुंच चुका है।
लेकिन यह शानदार उत्पादन एवं विशाल स्टॉक कनाडाई मटर उत्पादकों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। इसका कारण यह है कि रूस सहित अन्य प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों में भी भारी उत्पादन होने से वैश्विक बाजार में मटर की आपूर्ति काफी बढ़ गई है जिससे कनाडा को अपने उत्पाद के निर्यात में गंभीर चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
वर्ष 2025 में मटर का वैश्विक उत्पादन उछलकर 151 लाख टन पर पहुंच गया जो 2024 के उत्पादन 137 लाख टन से 11 प्रतिशत या 14 लाख टन ज्यादा है। मटर के उत्पादन में खासकर कनाडा, रूस एवं यूरोपीय संघ में ज्यादा बढ़ोत्तरी हुई।
उपरोक्त आंकड़ों से स्पष्ट संकेत मिलता है कि 2025-26 के सीजन में विश्व स्तर पर मटर की पैदावार एवं आपूर्ति की स्थिति बेहतर है।
शुरुआती दौर में इसकी वैश्विक मांग भी मजबूती बनी रही लेकिन अब इसमें सुस्ती देखी जा रही है। इससे खासकर कनाडा की कठिनाई बढ़ गई है क्योंकि चीन का विशाल बाजार उसकी मटर के लिए लगभग बंद हो गया है और वहां रूसी मटर का दबदबा बढ़ता जा रहा है।
भारत में भी पीली मटर पर 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा दिया गया है। एशियाई बाजारों में रूस की चुनौती कनाडा के लिए खतरे की घंटी बजा रही है।
कनाडा के पास अब भी मटर का निर्यात योग्य विशाल स्टॉक मौजूद है और भाव नरम चल रहा है। इससे इस वर्ष मटर की खेती के प्रति किसानों का उत्साह एवं आकर्षण घट सकता है। मटर की बिजाई अप्रैल में शुरू होने वाली है।
