कनाडा से 22 लाख टन मटर का निर्यात होने का अनुमान

26-Nov-2025 04:39 PM

ओटावा। कनाडा के कृषि मंत्रालय ने मटर का सकल घरेलू उत्पादन 2024-25 सीजन की तुलना में 19 प्रतिशत बढ़कर 2025-26 के सीजन में 35.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।

फसल की कटाई-तैयारी पहले ही समाप्त हो चुकी है। ऊंची उपज दर एवं बिजाई क्षेत्र में वृद्धि के कारण पैदावार में इजाफा हुआ है। सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में 47 प्रतिशत मटर का उत्पादन हुआ। पीली मटर का उत्पादन राष्ट्रीय स्तर पर गत वर्ष से बढ़कर इस बार 27.80 लाख टन पर पहुंच गया।

इसके अलावा वहां 5.30 लाख टन हरी मटर तथा 2.50 लाख टन अन्य किस्मों की मटर का उत्पादन होने का अनुमान है। पिछले बकाया स्टॉक के साथ मटर की कुल उपलब्धता 2025-26 के वर्तमान सीजन में 2.2 प्रतिशत बढ़कर 41 लाख टन पर पहुंच जाने की संभावना है। 

कृषि मंत्रालय के मुताबिक इस 41 लाख टन के कुल स्टॉक में से 22 लाख टन मटर का निर्यात हो सकता है जो पिछले सीजन के लगभग बराबर ही है। अगस्त-सितम्बर 2025 के दो महीनों में बांग्ला देश और भारत कनाडाई मटर के दो सबसे प्रमुख खरीदार रहे।

चूंकि आपूर्ति एवं उपलब्धता में भारी बढ़ोत्तरी हुई है और निर्यात में कोई खास इजाफा होने की संभावना नहीं है इसलिए चालू मार्केटिंग सीजन के अंत में मटर का बकाया अधिशेष स्टॉक तेजी से बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है। मटर की घरेलू खपत भी सामान्य रहेगी।

मटर का औसत बाजार भाव 2024-25 की तुलना में 30 प्रतिशत से ज्यादा घटकर 2025-26 के सीजन में 280 डॉलर प्रति टन के आसपास रह जाने का अनुमान लगाया गया है। सभी किस्मों एवं श्रेणियों की मटर का भाव कमजोर बना हुआ है।

कनाडा को अंतर्राष्ट्रीय मटर बाजार में रूस एवं यूक्रेन सहित कई अन्य देशों की कठिन प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा चीन में कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा हुआ है और भारत सरकार ने भी पीली मटर के आयात पर 30 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा दिया है। ये दोनों देश पहले कनाडाई मटर के दो सबसे बड़े खरीदार थे। नवम्बर 2025 से भारत में शुल्क प्रभावी हुआ है।

अमरीका में भी मटर का उत्पादन 2024-25 सीजन की तुलना में 23 प्रतिशत उछलकर 2025-26 के सीजन में 9.30 लाख टन पर पहुंच गया। इसका बिजाई क्षेत्र भी 21 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 11.80 लाख एकड़ (4.80 लाख हेक्टेयर) पर पहुंचा था।