कनाडा से भारत को मटर एवं मसूर का भारी निर्यात जारी

14-Oct-2025 11:09 AM

मुम्बई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कनाडा से गत सप्ताह भारत के लिए 3 जहाजों को रवाना किया गया जिस पर कुल मिलाकर 1,57,507 टन मटर तथा 46375 टन मसूर का स्टॉक मौजूद है।

ध्यान देने की बात है कि कनाडा में इस बार मटर तथा मसूर का शानदार उत्पादन हुआ है और इसका भारी भरकम निर्यात योग्य स्टॉक मौजूद है। लेकिन इसके शिपमेंट के रास्ते में कई अड़चनें हैं 

कनाडा के निर्यातकों को अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में मसूर के निर्यात में रूस से तथा मसूर के निर्यात में ऑस्ट्रेलिया से सख्त प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

इस बार रूस में मटर तथा ऑस्ट्रेलिया में मसूर का भारी उत्पादन होने के संकेत मिल रहे हैं। इसके फलस्वरूप मटर और मसूर का वैश्विक बाजार भाव घटकर पिछले अनेक वर्षों के निचले स्तर पर आ गया है। 

उद्योग-व्यापार समीक्षकों के अनुसार अगर आयात में इसी तरह वृद्धि होती रही तो भारत में मटर तथा मसूर का स्टॉक बढ़ सकता है। दिलचस्प तथ्य यह है कि पिछले तीन महीनों से आयात की गति धीमी चल रही थी जिससे भारतीय बंदरगाहों पर सभी दलहनों के स्टॉक में कमी आ गई और त्यौहारी मांग की वजह से कीमतों में कुछ मजबूती दर्ज की गई।

अब भारत में रबी कालीन दलहन फसलों- चना, मसूर एवं मटर की बिजाई का सीजन आरंभ हो गया है। यदि सस्ते आयात की अधिकता के कारण घरेलू बाजार भाव नरम रहा तो दलहनों की खेती के प्रति किसानों का उत्साह एवं आकर्षण घट सकता है।

सरकार को इस पर गम्भीरतापूर्वक ध्यान देना होगा क्योंकि सिर्फ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोत्तरी होने से किसानों को दलहनों का बिजाई क्षेत्र और उत्पादन बढ़ाने का प्रोत्साहन नहीं मिलेगा। भारत में पीली मटर के आयात को 31 मार्च 2026 तक शुल्क मुक्त कर दिया गया है।