कनाडा से चालू सीजन में 25 लाख टन मटर का निर्यात होने का अनुमान
19-Feb-2026 03:02 PM
ओटावा। कनाडा के कृषि मंत्रालय ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान मटर का निर्यात बढ़कर 25 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। मंत्रालय के मुताबिक यद्यपि भारत में इसकी मांग कमजोर है लेकिन बांग्ला देश तथा अमरीका में निर्यात बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इसके अलावा अगले-महीने से चीन में भी इसका शिपमेंट शुरू हो जाने की संभावना है क्योंकि वहां कनाडाई मटर पर आयात शुल्क काफी घट जाएगा।
निर्यात में सुधार आने के बावजूद कनाडा में मटर का कुछ बकाया स्टॉक चालू मार्केटिंग सीजन के अंत में तेजी से उछलकर 13.10 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है क्योंकि एक तो बेहतर उत्पादन एवं बकाया स्टॉक के कारण वहां इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता काफी बढ़ गई और दूसरे, घरेलू मांग कमजोर बनी हुई है।
मंत्रालय के मुताबिक 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के मटर का औसत मूल्य 2024-25 के सीजन से नीचे रहने की संभावना है। सभी किस्मों एवं श्रेणियों की सूखी मटर का भाव पिछले सीजन से नरम चल रहा है।
जनवरी 2026 के दौरान सस्कैचवान प्रान्त में पीली मटर का फार्म बेसिस मूल्य 15 डॉलर प्रति टन सुधर गया मगर हरी मटर की कीमत 5 डॉलर प्रति टन नीचे गिर गई। निर्यात मांग सामान्य औसत स्तर से कम रही। उधर भारत में रबी कालीन दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से ऊंचा हो गया है लेकिन मटर की बिजाई कुछ घट गई है।
कनाडा में पीली मटर के मुकाबले हरी मटर का भाव 120 डॉलर प्रति टन ऊंचा है और यह स्थिति आगे भी बरकरार रहने की संभावना है। 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में यह आंकड़ा (अंतर) 208 डॉलर प्रति टन दर्ज किया गया था।
उधर अमरीका में मटर का उत्पादन 2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान 9 प्रतिशत बढ़कर 8.40 लाख टन पर पहुंच गया लेकिन इसके बावजूद वहां कनाडा से मटर का आयात ज्यादा तेज गति से हो रहा है। 2025-26 के सीजन में वहां इसका आयात बढ़कर 1.20 लाख टन पर पहुंच जाने की संभावना है।
