कनाडा से मसूर एवं मटर के बल्क निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी
04-Feb-2025 01:54 PM
वैंकुवर । कनाडियन ग्रेन कमीशन (सीजीसी) के आंकड़ों से पता चलता है कि 2023-24 सीजन की तुलना में 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान देश से मसूर तथा मटर के बल्क निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है।
कमीशन की रिपोर्ट के अनुसार कनाडा से दिसम्बर 2024 में करीब 1.38 लाख टन मसूर का निर्यात हुआ जो नवम्बर के शिपमेंट 1.71 लाख टन से कुछ कम मगर दिसम्बर 2023 के फीके निर्यात 9000 टन से बहुत अधिक है।
रिपोर्ट के मुताबिक कनाडा से चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती पांच महीनों में यानी अगस्त-दिसम्बर 2024 के दौरान मसूर का कुल निर्यात बढ़कर 6.43 लाख टन पर पहुंच गया जो वर्ष 2023 के इन्हीं महीनों के शिपमेंट 4.67 लाख टन से अधिक है। ध्यान देने की बात है कि कमीशन का निर्यात आंकड़ा स्टैट्स कैन के आंकड़ों से छोटा होता है।
जहां तक मटर का सवाल है तो सीजीसी की रिपोर्ट में दिसम्बर 2024 में इसका निर्यात 97 हजार टन आंका गया है जो दिसम्बर 2023 में विशाल शिपमेंट 1.89 लाख टन से काफी कम है।
नवम्बर 2024 में कनाडा से 1.58 लाख टन मसूर का संतोषजनक निर्यात हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक दिसम्बर का प्रदर्शन कमजोर रहने के बावजूद वर्तमान मार्केटिंग सीजन के आरंभिक पांच महीनों में यानी अगस्त-दिसम्बर 2024 के दौरान कनाडा से मटर का कुल बल्क निर्यात उछलकर 12.63 लाख टन पर पहुंच गया जो पिछले मार्केटिगं सीजन की समान अवधि के शिपमेंट 9.64 लाख टन से करीब 3 लाख टन ज्यादा है।
दरअसल कमीशन का निर्यात आंकड़ा निर्यातकों द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित होता है जबकि कनाडा के सभी निर्यातक कमीशन को यह आंकड़ा उपलब्ध करवाने के लिए बाध्य नहीं हैं।
दूसरी ओर सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन का निर्यात आंकड़ा वास्तविक शिपमेंट पर आधारित होता है इसलिए वह सम्पूर्ण तथा विश्वसनीय माना जाता है।
