कोपरा एवं नारियल तेल की कीमतों में वृद्धि होने से उत्पादकों को राहत
24-Sep-2024 08:49 PM
कोच्चि । चालू माह (सितम्बर) के आरंभ से नारियल तेल एवं कोपरा के दाम में अचानक आई तेजी से उत्पादकों एवं व्यापारियों को राहत मिल रही है।
केरल के बाजार में कोपरा का मूल्य 20 रुपए की वृद्धि के साथ 122 रुपए प्रति किलो तथा नारियल तेल का भाव 27 रुपए बढ़कर 186 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है।
उधर तमिलनाडु में भी कोपरा का दाम बढ़कर 130 रुपए प्रति किलो तथा नारियल तेल का भाव उछलकर 176.50 रुपए प्रति किलो हो गया है।
कोचीन ऑयल मर्चेंट्स एसोसिएशन (कोमा) के अध्यक्ष के अनुसार उत्तरी भारत में त्यौहारी मांग निकलने पर कीमतों में कुछ और बढ़ोत्तरी हो सकती है।
साबुत नारियल के दाम में भी तेजी मजबूती का माहौल बनने लगा है। एक पखवाड़े के अंदर ही इसका भाव 36 रुपए से उछलकर 62 रुपए प्रति किलो की ऊंचाई पर पहुंच गया।
जानकार सूत्रों के अनुसार कच्चे (टेंडर) नारियल की मांग में हाल के दिनों में हुई बढ़ोत्तरी तथा कर्नाटक के कुछ भागों में जारी सूखे जैसी स्थिति के कारण उत्पादन में आ रही गिरावट के कारण बाजार में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। कर्नाटक में कोपरा की आपूर्ति कम हो रही है जिससे कीमतों को समर्थन मिल रहा है।
बॉल कोपरा (गोला) का भाव पहले ही त्यौहारी मांग की वजह से 235 रुपए प्रति किलो की ऊंचाई पर पहुंच चुका है जबकि आगे इसमें और बढ़ोत्तरी हो सकती है।
कर्नाटक में जब इसका दाम 100-120 रुपए प्रति किलो चल रहा था तब उत्पादकों को इसे मिलिंग कोपरा में कन्वर्ट करने के लिए विवश होना पड़ा ताकि ऊंचा मूल्य प्राप्त हो सके।
