कराची में चीनी का थोक बाजार भाव 140 रुपए प्रति किलो नियत

26-Dec-2025 04:20 PM

कराची। पाकिस्तान के सबसे प्रमुख व्यावसायिक बंदरगाह नगर- कराची के स्थानीय प्रशासन ने घोषणा की है कि चीनी का नया थोक बाजार भाव 140 रुपए प्रति किलो तथा खुदरा बाजार मूल्य 143 रुपए प्रति किलो निर्धारित किया गया है।

इन दरों की अभिपुष्टि करते हुए हुए एक आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है। पाकिस्तानी रुपए का पहले ही जोरदार अवमूल्यन हो चुका है जिससे वहां चीजें भारत से काफी ऊंचे दाम पर बिक रही हैं। 

कराची आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी नए दिशा-निर्देश में कहा गया है कि चीनी का यह नया घोषित मूल्य तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगली सूचना तक प्रभावी रहेगा।

दिशा-निर्देश में जोर देकर कहा गया है कि किसी भी कारोबारी या व्यापारिक फर्म को इस नियत मूल्य से ऊंचे दाम पर चीनी बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो भी इस नियम के उल्लंघन का दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

आयुक्त ने सभी थोक व्यापारियों एवं खुदरा कारोबारियों को तत्काल अपनी दुकानों एवं आऊटलेट पर वस्तुओं की कीमतों की सूची में चीनी के इस नए मूल्य को प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है ताकि यह पता चल सके कि सरकारी आदेश का पूरी तरह पालन किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व होल सेल ग्रोअर्स एसोसिएशन के चेयरमैन ने कहा था कि थोक बाजार में चीनी के दाम में 6 रुपए प्रति किलो की गिरावट आ गई है जिससे खुदरा व्यापारियों एवं आम उपभोक्ताओं को कुछ नीचे दाम पर इसकी खरीद करने का अवसर मिल सकेगा।

उस समय कराची के थोक बाजार में चीनी का भाव 146 रुपए प्रति किलो तथा एक्स फैक्ट्री मूल्य 142 रुपए प्रति किलो चल रहा था।

1 दिसम्बर 2025 से सिंध प्रान्त में गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया सीजन आरंभ हो गया और आपूर्ति तथा उपलब्धता की स्थिति में सुधार आने के कारण कीमतों में काफी नरमी आ गई।

कुछ माह पूर्व वहां चीनी का दाम उछलकर 200 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया था। वैसे उसका खुदरा मूल्य अब भी 170-180 रुपए प्रति किलो चल रहा है।