कश्मीर के अनंतनाग में सरकारी खाद्यान्न का पहला रैक पहुंचा

22-Dec-2025 11:55 AM

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में कानून व्यवस्था एवं परिवहन सुविधा की हालत बेहतर हो जाने से भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को अनंतनाग जिले तक रेलवे रैक के जरिए अपने खाद्यान्न की पहली खेप भेजने में सफलता मिल गई।

21 दिसम्बर को वहां 81 वैगन्स (डब्बें) में लगभग 1384 टन चावल लादकर एक मालगाड़ी पहुंच गई और अब इसके सुरक्षित भंडारण का प्रबंध किया जा रहा है।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से लाभार्थियों को इसकी आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए वहां चावल का बफर स्टॉक बनाया जा रहा है। 

यह पहला अवसर है जब भारतीय खाद्य निगम के खाद्यान्न से लदी कोई मालगाड़ी सीधे कश्मीर के इस भाग तक पहुंची है।

इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है क्योंकि इससे आगामी समय में अंनतनाग एवं उसके आसपास के जिलों में चावल तथा गेहूं की खेपों को पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो जाएगा और वहां खाद्यान्न का बफर स्टॉक बनाकर सही समय पर इसके वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।

ध्यान देने वाली बात है कि कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में अभी तक सड़क मार्ग से ट्रकों के जरिए अनाज पहुंचाया जाता था जिस पर परिवहन खर्च ऊंचा बैठता था। रेल मार्ग से माल भेजने पर परिवहन खर्च में कमी आएगी और खाद्य निगम को आर्थिक बचत में सहायता मिलेगी।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले से ही वाहनों का भारी दबाव रहा है। ट्रकों की आवाजाही कम होने से यह दबाव भी घट जाएगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।