कृषि एवं खाद्य उत्पादों का निर्यात नियमित रूप से जारी
22-Dec-2025 04:54 PM
नई दिल्ली। भारत से दुनिया के विभिन्न देशों को अनेक तरह के खाद्य एवं कृषि उत्पादों का निर्यात होता है जिससे बासमती चावल, गैर बासमती (सामान्य) चावल, दाल-दलहन, मूंगफली, ग्वार गम, कोकोआ उत्पाद, प्रसंस्कृत काजू, अन्य अनाज, मिल्ड प्रोडक्ट्स, काजू शेल लिक्विड तथा गेहूं आदि मुख्य रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा देश से साबुत मसालों एवं मसाला उत्पादों, ऑयल मील, चीनी तथा कुछ अन्य तिलहनों समेत कई उत्पादों का भी बड़े पैमाने पर निर्यात किया जाता है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष के शुरूआती 7 महीनों में यानी अप्रैल-अक्टूबर 2025 के दौरान भारत से करीब 82.78 लाख टन गैर बासमती चावल, 35.90 लाख टन बासमती चावल, 12 हजार टन गेहूं तथा 3.71 लाख टन से कुछ अधिक अन्य अनाजों का निर्यात किया गया।
इसके अलावा समीक्षाधीन अवधि के दौरान देश से लगभग 5.00 लाख टन दलहन, 3.79 लाख टन मूंगफली, 2.91 लाख टन से कुछ अधिक ग्वार गम तथा 1.64 लाख टन मिल्ड उत्पादों का निर्यात शिपमेंट किया गया।
इसके साथ-साथ इसी अवधि में देश से 30 हजार टन से ज्यादा कोकोआ उत्पाद, 61 हजार टन से अधिक प्रसंस्कृत काजू कर्नेल और लगभग 19 हजार टन काजू शेल लिक्विड का भी निर्यात हुआ।
भारत दुनिया में चावल का सबसे बड़ा निर्यातक देश है और सम्पूर्ण वैश्विक निर्यात में 40-42 प्रतिशत का योगदान देता है। समीक्षाधीन अवधि के दौरान बासमती चावल का निर्यात तो सन्तोषजनक रहा लेकिन सामान्य चावल का शिपमेंट कुछ पीछे रह गया।
नवम्बर 2025 से मार्च 2026 के पांच महीनों में इसके निर्यात बेहतर रहने की उम्मीद है क्योंकि रुपए का भारी अवमूल्यन होने से भारतीय चावल का निर्यात ऑफर मूल्य अन्य आपूर्तिकर्ता देशों की तुलना में काफी प्रतिस्पर्धी स्तर पर पहुंच गया है।
