खरीफ फसलों के उत्पादन का पहला अग्रिम अनुमान जारी

26-Nov-2025 05:34 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने 2025-26 के लिए खरीफ फसलों का पहले अग्रिम उत्पादन अनुमान जारी कर दिया है। 2024-25 के मुकाबले 2025-26 के खरीफ सीजन में खाद्यान्न का उत्पादन 38.70 लाख टन की वृद्धि के साथ 1733.30 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।

इसके तहत चावल का उत्पादन 17.32 लाख टन बढ़कर 1245.04 लाख टन तथा मक्का का उत्पादन 34.95 लाख टन उछलकर 283.03 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। मक्का सहित मोटे या पोषक अनाजों का कुल उत्पादन 414.14 लाख टन तथा दलहनों का उत्पादन 74.13 लाख टन होने की उम्मीद व्यक्त की गई है। 

दलहन फसलों के संवर्ग में 35.97 लाख टन अरहर (तुवर), 17.20 लाख टन मूंग तथा 12.05 लाख टन उड़द के उत्पादन का अनुमान लगाया गया है।

इसी तरह खरीफ कालीन तिलहन फसलों का कुल उत्पादन 275.63 लाख टन आंका गया है जिसमें 142.66 लाख टन सोयाबीन तथा 110.93 लाख टन मूंगफली का उत्पादन अनुमान मुख्य रूप से शामिल है। मूंगफली का यह उत्पादन अनुमान पिछले खरीफ सीजन से 6.81 लाख टन ज्यादा है। 

नकदी या औद्योगिक फसलों में गन्ना का उत्पादन पिछले सीजन से 210.03 लाख टन उछलकर इस बार 4756.14 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जबकि कपास की पैदावार घटकर 292.15 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) पर सिमट जाने की संभावना व्यक्त की गई है।

धान और मक्का का क्षेत्रफल इस वर्ष खरीफ सीजन में नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। इसलिए इसके उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद पहले से ही व्यक्त की जा रही थी। लेकिन तुवर एवं सोयाबीन के उत्पादन अनुमान से उद्योग-व्यापार क्षेत्र शायद सहमत नहीं होगा।

वैसे भी यह पहला अग्रिम अनुमान है जबकि आगामी महीनों में तीन और अनुमान जारी किए जाएंगे और उसमें विभिन्न फसलों के अनुमानित उत्पादन आंकड़े में परिवर्तन किया जा सकता है।