खरीफ कालीन चावल की सरकारी खरीद 463 लाख टन पर पहुंची
03-Apr-2026 01:54 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय पूल के लिए सरकारी एजेंसियों द्वारा 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के दौरान 463.06 लाख टन चावल (इसके समतुल्य धान) खरीदा गया जो 2024-25 सीजन की कुल खरीद 454.36 लाख टन से करीब 6 प्रतिशत अधिक है। फरवरी में खरीद 17 प्रतिशत घट गई थी मगर मार्च में 10 गुणा बढ़ गई।
उल्लेखनीय है कि 2025-26 सीजन के लिए पहले 477 लाख टन चावल की खरीद का लक्ष्य नियत किया गया था जिसे बाद में संशोधित करके 487 लाख टन निर्धारित किया गया। 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (खरीफ + रबी) में केन्द्रीय पूल के लिए कुल मिलाकर 545.22 लाख टन चावल खरीदा गया था। 2025-26 के रबी कालीन धान-चावल की खरीद होनी अभी बाकी है।
धान-चावल की सरकारी खरीद की समय सीमा उड़ीसा में बढ़ाकर 7 अप्रैल, पश्चिम बंगाल में 30 अप्रैल, त्रिपुरा में 31 मई तथा आसाम में 30 जून निर्धारित की गई है जबकि देश के अन्य सभी राज्यों में खरीफ कालीन धान की सरकारी खरीद समाप्त हो चुकी है। आंध्र प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु, केरल और महाराष्ट्र में यह 31 मार्च को समाप्त हुई।
केन्द्र सरकार ने 2025-26 के रबी सीजन के लिए 79.57 लाख टन चावल की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस चावल की खरीद की प्रक्रिया अप्रैल से सितम्बर तक जारी रहेगी। रबी सीजन के दौरान तेलंगाना में सर्वाधिक 35 लाख टन चावल खरीदने का लक्ष्य रखा गया है जबकि तमिलनाडु में 14 लाख टन, उड़ीसा में 11 लाख टन एवं आंध्र प्रदेश में 10 लाख टन की खरीद की जाएगी।
