खरीफ कालीन दलहनों-तिलहनों का थोक मंडी भाव एमएसपी से काफी नीचे
27-Oct-2025 11:22 AM
मुम्बई। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में खरीफ कालीन दलहन-तिलहन फसलों जैसे- उड़द, मूंग, सोयाबीन एवं मूंगफली आदि की आवक तेजी से बढ़ने लगी है लेकिन इसका भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे आ गया है।
व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक प्राकृतिक आपदाओं (अधिशेष वर्षा, तेज हवा, जल भराव एवं बाढ़ आदि) का दौर थमने के बाद अब फसल की हालत बेहतर हो गई है।
मंडियों में नए माल की भारी आपूर्ति एवं उपलब्धता देखी जा रही है जबकि खाद्य तेलों एवं दलहनों का सस्ता आयात जारी है। पूर्व में आयातित माल का भारी-भरकम स्टॉक भी मौजूद है। दूसरी ओर एमएसपी पर दलहन-तिलहन की सरकारी खरीद भी शुरू नहीं हुई है।
व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक तुवर, उड़द, चना एवं मसूर जैसे दलहनों का थोक मंडी भाव फिलहाल एमएसपी की तुलना में 8 से 18 प्रतिशत तक नीचे चल रहा है
जबकि तिलहनों के संवर्ग में सोयाबीन एवं मूंगफली का दाम 21 से 30 प्रतिशत तक नीचे है। हालांकि सरकार बार-बार किसानों से एमएसपी पर दलहन-तिलहन खरीदने का आश्वासन दे रही है मगर खरीद की प्रक्रिया आरंभ होने में देर होने से मंडी भाव नरम पड़ता जा रहा है।
समीक्षकों के अनुसार उत्पादन का परिदृश्य पहले से बेहतर होने, विशाल मात्रा में विदेशों से आयात जारी रहने तथा सरकारी एजेंसियों के पास अच्छा स्टॉक मौजूद होने से दलहन-तिलहन बाजार में नरमी का माहौल बना हुआ है और जब तक नैफेड एवं एनसीसीएफ जैसी सरकारी एजेंसियों की जोरदार खरीद शुरू नहीं होती तब तक तेजी की उम्मीद नहीं रहेगी।
चना रबी सीजन का दलहन है और कीमतों के मामले में इसे अपवाद माना जा सकता है क्योंकि इसका दाम एमएसपी से कुछ ऊपर चल रहा है। मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत दलहन-तिलहन की खरीद में सरकारी एजेंसियों की सक्रियता अगले-महीने होने की संभावना है।
कृषि मंत्रालय गुजरात एवं उत्तर प्रदेश में उसकी खरीद के प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुका है। इसकी खरीद पर 13,890 करोड़ रुपए से अधिक धनराशि खर्च होने का अनुमान है तेलंगाना एवं उत्तर प्रदेश में खरीद का प्रस्ताव विचाराधीन है।
उधर महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि नैफेड द्वारा राज्य में 1 नवम्बर 2025 से एमएसपी पर किसानों से सोयाबीन की खरीद शुरू की जाएगी। कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में तुवर के नए माल की आवक दिसम्बर के आरंभ में शुरू हो जाने की संभावना है।
