खरीदारों की लिवाली बढ़ने से कनाडा में मटर के दाम में सुधार

04-Oct-2024 01:40 PM

रेगिना। मजबूत विदेशी मांग के साथ स्थानीय स्तर पर निर्यातकों/व्यापारियों एवं प्रोसेसर्स की अच्छी लिवाली होने से पश्चिमी कनाडा में खासकर पीली मटर के दाम में कुछ सुधार आने के संकेत मिल रहे है। पीली मटर का भाव सुधरकर 10.00-10.25 डॉलर प्रति बुशेल पर पहुंच गया है दरअसल ग्लायफोसेट रसायन से युक्त मटर की खरीद में व्यापारियों-निर्यातकों द्वारा ज्यादा दिलचस्पी दिखाई जा रही है और इसलिए उसका दाम लगातार मजबूत होता जा रहा है। जहां तक ह्री मटर का सवाल है तो इसकी नंबर 2 या इससे बेहतर क्वालिटी वाले माल का मूल्य 15 डॉलर प्रति बुशेल पर लगभग स्थिर बना हुआ है मगर आगामी समय में इसमें कुछ तेजी आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। 

व्यापार विश्लेषणों के मुताबिक जिस हरी मटर में ब्लीच दाने का अंश ज्यादा है उसकी खरीद में खरीदारों की दिलचस्पी अच्छी देखी जा रही है। उत्पादकों को वर्तमान मूल्य स्तर पर अपने स्टॉक का कुछ भाग बेचने का सुझाव दिया जा रहा है। मापके मटर की कीमत 17 से 19 डॉलर प्रति बुशेल के बीच ही घूम रही है। इसमें कारोबार सुस्त देखा जा रहा है। 

कुल मिलाकर इस बार कनाडा में मटर की उपज दर गत वर्ष से ऊंची देखी गई और इसलिए पैदावार में भी बढ़ोत्तरी हुई है। इससे निर्यात योग्य स्टॉक में इजाफा होने के आसार है।  लेकिन भारत और चीन जैसे बड़े बाजार में रूस के तेजी से बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कनाडा के निर्यातकों को वहां अपने उत्पाद का निर्यात बढ़ाने में भारी कठिनाई हो सकती है मटर के वैश्विक निर्यात बाजार में इन दोनों देशो के बीच जबरदस्त प्रर्तिस्पर्धा रहने की संभावना है।