खाद्यान्न के वैश्विक उत्पादन अनुमान में 30 लाख टन की कटौती

27-Apr-2026 05:31 PM

नई दिल्ली। इंटरनेशनल ग्रेंस कौंसिल (आईजीसी) ने 2026-27 सीजन के लिए खाद्यान्न का वैश्विक उत्पादन अनुमान मार्च रिपोर्ट के 241.70 करोड़ टन से 30 लाख टन घटाकर अप्रैल रिपोर्ट में 241.40 करोड़ टन निर्धारित किया है।

इसके तहत खासकर गेहूं एवं मक्का के उत्पादन अनुमान में विशेष कटौती की गई है। कौंसिल का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कुछ देशों में रासायनिक उर्वरकों का अभाव उत्पन्न हो सकता है और इसलिए अनाजी फसलों की बिजाई एवं उपज दर प्रभावित हो सकती है। 

आईजीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिणी गोलार्द्ध के कुछ देशों में उर्वरकों के स्टॉक एवं उपयोग में कमी आने की संभावना है। उर्वरकों का दाम ऊंचा रहने से भी इसका इस्तेमाल घट सकता है। 

हालांकि मासिक आधार पर खाद्यान्न के उत्पादन अनुमान में 30 लाख टन की कटौती की गई है लेकिन फिर भी यह 241.40 करोड़ टन का उत्पादन आंकड़ा अब तक का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है।

मार्च की तुलना में अप्रैल की रिपोर्ट में खाद्यान्न के वैश्विक उपयोग का अनुमान घटाया गया है, आयात-निर्यात का अनुमान स्थिर रखा गया है और बकाया स्टॉक का अनुमान बढ़ा दिया गया है। खाद्यान्न की वैश्विक खपत 243.70 करोड़ टन होने की संभावना व्यक्त की गई है।