लाल मसूर का वैश्विक उत्पादन उम्मीद से कम होने के कारण भाव मजबूत रहने के आसार
25-Sep-2024 12:48 PM
मकाऊ । एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक ने कहा है कि चालू वर्ष के दौरान लाल मसूर का वैश्विक उत्पादन पूर्व अनुमान से कम होने की संभावना है जिससे इसका भाव आगामी समय में मजबूत रह सकता है।
विश्लेषक के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया में सरकारी एजेंसी- अबारेस ने इस बार करीब 17 लाख टन मसूर के उत्पादन का अनुमान लगाया है जबकि कुछ समीक्षक यह उत्पादन बढ़कर 20 लाख टन तक पहुंच जाने की संभावना व्यक्त कर रहे हैं लेकिन प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में मौसम की प्रतिकूल स्थिति से फसल को हो रहे नुकसान को देखते हुए लगता है कि वहां इसका उत्पादन घटकर नीचे में 12 लाख टन तक सिमट सकता है।
विश्लेषक के मुताबिक कनाडा तथा ऑस्ट्रेलिया में पहले शानदार उत्पादन का लगाए जाने से लाल मसूर की कीमतों पर दबाव बना हुआ था लेकिन आगे इसके बाजार में नरमी के बजाए तेजी का माहौल बनने के आसार हैं।
एक अन्य समीक्षक के अनुसार यद्यपि वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्राप्त में मौसम की हालत अच्छी है और पूर्वोत्तर क्षेत्र में फसल की उपज दर बेहतर रहने की उम्मीद है लेकिन विक्टोरिया एवं साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में अत्यन्त शुष्क मौसम के कारण फसल की हालत लगातार कमजोर पड़ती जा रही है।
इस समीक्षक का भी मानना है कि ऑस्ट्रेलिया में मसूर का कुल उत्पादन घटकर 12 लाख टन के आसपास अटक सकता है।
उधर कनाडा में भी मसूर का अंतिम उत्पादन अनुमान वर्तमान स्तर से कुछ छोटा रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
हालांकि एक समीक्षक ने वहां मसूर का उत्पादन गत वर्ष के 18 लाख टन से उछलकर इस बार 26.90 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है लेकिन एक महत्वपूर्ण व्यापारिक प्रतिष्ठान का मानना है कि यह अनुमान वास्तविक उत्पादन की तुलना में 4 से 5 लाख टन तक ऊंचा प्रतीत होता है
क्योंकि कनाडा में जब फसल की प्रगति का सीजन चल रहा था तब बारिश बंद हो गई थी। उत्पादन भले ही अनुमान के अनुरूप न हो मगर मसूर के दाने की क्वालिटी बहुत अच्छी है।
हरी मसूर के उत्पादन अनुमान में भी अंतर देखा जा रहा है। एक विश्लेषक ने कनाडा इसका उत्पादन गत वर्ष के 5.65 लाख टन से उछलकर इस बार 9 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है जबकि एक अन्य समीक्षक का मानना है कि वास्तविक उत्पादन 7 लाख टन के करीब हो सकता है।
