महाराष्ट्र में चीनी का उत्पादन 45 लाख टन के करीब पहुंचा
30-Dec-2025 01:07 PM
पुणे। गन्ना की भरपूर आपूर्ति होने तथा औसत रिकवरी दर में सुधार आने से महाराष्ट्र में इस बार चीनी के उत्पादन में शानदार बढ़ोत्तरी हो रही है। पुणे स्थित चीनी आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान 28 दिसम्बर 2025 तक महाराष्ट्र में गन्ना की क्रशिंग बढ़कर 515.30 लाख टन पर पहुंच गई जो पिछले सीजन की समान अवधि की मात्रा 333.20 लाख टन से काफी अधिक रही।
इसी तरह राज्य में गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर भी समीक्षाधीन अवधि में 8.50 प्रतिशत से सुधरकर 8.69 प्रतिशत पर पहुंच गई। इसके फलस्वरूप महाराष्ट्र में चीनी का उत्पादन पिछले सीजन के 28.30 लाख टन से 58 प्रतिशत उछलकर चालू सीजन में 44.80 लाख टन पर पहुंच गया। लेकिन क्रियाशील चीनी मिलों की संख्या इस बार 193 तक ही पहुंच सकी जबकि गत वर्ष 195 तक पहुंच गई थी।
उद्योग समीक्षकों के मुताबिक चीनी के उत्पादन में इस बार हो रही भारी बढ़ोत्तरी का प्रमुख कारण कोल्हापुर, सांगली, सतारा, पुणे एवं सोलापुर जैसे अग्रणी उत्पादक जिलों में गन्ना का विशाल उत्पादन होना और चीनी मिलों को नियमित रूप से कच्चे माल की पर्याप्त आपूर्ति होना माना जा रहा है। कोल्हापुर इस बार भी चीनी का प्रमुख उत्पादक संभाग बना हुआ है और इसकी रिकवरी दर 10.23 प्रतिशत दर्ज की गई।
इसके अलावा चालू सीजन के दौरान पुणे संभाग में 11.10 लाख टन सोलापुर में 8.39 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है। 2025-26 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान महाराष्ट्र में चीनी का सकल उत्पादन बढ़कर 110 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है जो गत सीजन 81 लाख टन पर अटक गया था।
