महाराष्ट्र में कृषि उत्पादों की खरीद-बिक्री पर मार्केट फीस की दर निर्धारित
14-Oct-2024 06:36 PM
मुम्बई । महाराष्ट्र सरकार ने सहकारिता, विपणन एवं वस्त्र विभाग ने एक अधिसूचना जारी करके राज्य भर की मंडियों में विभिन्न कृषि उत्पादों की खरीद-बिक्री पर वसूली जाने वाली मार्केट फीस की उच्चतम एवं न्यूनतम दरों का निर्धारण कर दिया है।
मार्केट फीस की उच्चतम दर 50 पैसे प्रति 100 रुपए (0.5 प्रतिशत) तथा न्यूनतम दर 25 पैसे प्रति 100 रुपए (0.25 प्रतिशत) नियत की गई है।
अधिसूचना में कहा गया है कि सम्बन्धित थोक मंडी में मार्केट कमिटी इस शुल्क की वसूली करेगी और यह शुल्क इस मंडी में कारोबार होने वाले कृषि उत्पाद के खरीदारों से वसूला जाएगा।
महाराष्ट्र में जल्दी ही विधानसभा का चुनाव होने वाला है। कृषि उत्पादों पर 0.25 से 0.50 प्रतिशत के बीच शुल्क का निर्धारण होने से कारोबारियों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
