मजबूत निर्यात मांग से मटर के दाम में सुधार

04-May-2026 01:06 PM

वैंकुवर। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले सप्ताह मटर के दाम में कुछ मजबूती दर्ज की गई और कारोबार में भी सुधार देखा गया। इसकी निर्यात मांग अच्छी रही। निर्यातक देशों को अपना स्टॉक घटाने का बेहतर अवसर मिल गया। 

कनाडा अमरीका एवं काला सागर क्षेत्र के देशों में मटर की बिजाई हो रही है। कीमतों में सुधार आने से किसानों को बिजाई क्षेत्र बढ़ाने या कम से कम स्थिर रखने का प्रोत्साहन मिल सकता है। यदि मौसम की हालत आगामी महीनों में अनुकूल रही तो 2026-27 सीजन के दौरान मटर के वैश्विक उत्पादन में बढ़ोत्तरी हो सकती है।

उत्तरी गोलार्द्ध में बिजाई की आरंभिक स्थिति से पता चलता है कि कनाडा एवं अमरीका में इसकी धीमी शुरुआत हुई है लेकिन आगामी समय में रफ्तार तेज होने की उम्मीद है। बिजाई के लिए मौसम की हालत काफी हद तक अनुकूल बनी हुई है। 

अमरीका में अभी तक करीब 20 प्रतिशत लक्ष्यांकित क्षेत्र में मटर की बिजाई पूरी हो चुकी है लेकिन यह क्षेत्रफल पंचवर्षीय औसत से करीब 6 प्रतिशत बिंदु पीछे है। कनाडा के सस्कैचवान एवं अल्बर्टा प्रान्त में भी मटर की बिजाई धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है जबकि वहां उत्पादकों एवं व्यापारियों के पास इसका भारी-भरकम स्टॉक अभी मौजूद है। कुल देशों में पश्चिम एशिया संकट के कारण मटर के निर्यात में बाधा पड़ रही है।