मलेशिया में सीपीओ के वायदा मूल्य में सुधार
06-Nov-2025 04:25 PM
कुआलालम्पुर। मलेशियाई क्रूड पाम तेल का वायदा भाव सुधरकर 4100 रिंगिट प्रति टन से ऊपर पहुंच गया जिसका प्रमुख कारण चीन के डालियान कॉमोडिटी एक्सचेंज में सोयाबीन तेल एवं पाम तेल के दाम में कुछ इजाफा होना बताया जा रहा है।
हालांकि पिछले दिन जब यह खबर आई थी कि अमरीका और चीन के बीच व्यापारिक विवाद का समाधान हो गया है और चीन के राष्ट्र्पति ने अमरीकी सोयाबीन का आयात खीलने के संकेत दिए है तब कुआलालम्पुर स्थित बुर्सा मलेशिया डेरिवेटिव्स (बीएमडी) एक्सचेंज में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) के वायदा मूल्य में नरमी आ गई थी
क्योंकि चीन में पाम तेल का निर्यात प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी लेकिन बाद में बाजार कुछ सुधर गया और पिछले दिन कीमतों में आई गिरावट की आंशिक भरपाई हो गई।
अक्टूबर माह के दौरान भारत में पाम तेल का आयात घट गया और मलेशिया में बकाया अधिशेष स्टॉक काफी ऊंचा रहने का अनुमान है। नवम्बर में भी हालत लगभग ऐसी ही रहने की संभावना है क्योंकि भारत में पीक त्यौहारी सीजन समाप्त हो चुका है और जाड़े का मौसम आ गया है जिसमें पाम तेल की मांग कुछ कमजोर रहती है।
सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल के सापेक्ष पाम तेल की कीमतों का आंकलन करके भारतीय रिफाइनर्स खाद्य तेलों के आयात की रणनीति बनाएंगे। यदि चीन में अमरीकी सोयाबीन का आयात आरंभ होता है तो शिकागो एक्सचेंज में सोया तेल के वायदा मूल्य में कुछ मजबूती आ सकती है। इससे पाम तेल बाजार पर कैसा असर पड़ेगा यह देखना दिलचस्प होगा।
इंडोनेशिया के बाद दुनिया में पाम तेल के दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- मलेशिया में पीक उत्पादन का सीजन समाप्ति की ओर है। यदि निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा तो बाजार मजबूत रह सकता है। अक्टूबर माह के लिए मलेशियाई पाम तेल के उत्पादन, निर्यात एवं स्टॉक का सरकारी आंकड़ा अगले सप्ताह सामने आने की संभावना है।
