मलेशियाई पाम तेल के निर्यात प्रदर्शन कमजोर

30-Dec-2025 03:56 PM

कुआलालम्पुर। इंडोनेशिया के बाद दुनिया में पाम तेल के दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- मलेशिया से इस महत्वपूर्ण वनस्पति तेल का निर्यात प्रदर्शन गत वर्ष की तुलना में इस बार कमजोर देखा जा रहा है। पाम तेल उत्पादों की निर्यात मात्रा के साथ निर्यात दाम में भी गिरावट देखी जा रही है। 

सरकारी संस्था मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वर्ष के शुरूआती 11 महीनों में यानी जनवरी-नवम्बर 2025 के दौरान मलेशिया से पाम तेल उत्पादों का कुल निर्यात घटकर 139.40 लाख टन पर अटक गया

जो वर्ष 2024 के इन्हीं महीनों के सकल शिपमेंट 155.60 लाख टन से 16.20 लाख टन या 10.4 प्रतिशत कम है। इसी अवधि में पाम तेल की निर्यात आय भी 66.05 अरब रिंगिट से 0.6 प्रतिशत फिसलकर 65.66 अरब रिंगिट पर अटक गई। 

अधिकांश प्रमुख खरीदार देशों में मलेशियाई पाम तेल का निर्यात घटने के संकेत मिले हैं। एम्पोब  की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी-नवम्बर के दौरान भारत, केन्या, यूरोपीय संघ, चीन एवं फिलीपींस मलेशियाई पाम तेल के पांच शीर्ष खरीदार रहे। इसमें से सिर्फ फिलीपींस को छोड़कर अन्य बाजारों में निर्यात घट गया। 

जनवरी-नवम्बर 2024 की तुलना में जनवरी-नवम्बर 2025 के दौरान मलेशियाई पाम तेल का निर्यात भारत में 28.80 लाख टन से लुढ़ककर 24.10 लाख टन, केन्या में 11.40 लाख टन से फिसलकर 10.90 लाख टन, यूरोपीय संघ में 11.80 लाख टन से गिरकर 9.40 लाख टन तथा चीन में 12.70 लाख टन से घटकर 8 लाख टन पर सिमट गया

लेकिन फिलीपींस में निर्यात 6.10 लाख टन से सुधरकर 6.80 लाख टन पर पहुंच गया। दिसम्बर का आंकड़ा आना अभी बाकी है।