मुरादाबाद रेल मंडल में वैगनों में समान लदान के लिए अभियान
26-Dec-2025 01:22 PM
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में उत्तरी रेलवे, मुरादाबाद के मंडल रेल प्रबंधक ने सभी वाणिज्य निरीक्षण तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक (सामान) को पत्र भेजकर 30 दिनों तक रेलवे वैगनों में माल की समान लोडिंग (लदान) सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
पत्र में कहा गया है कि इन वैगनों (माल गाड़ी के डिब्बों) में वस्तुओं का लदान इस तरह सुनिश्चित किया जाए कि लादे गए माल का वजन वैगन के सभी एक्सेल पर समान रूप से भारित हो और कहीं इसकी असमान लोडिंग न हो। अक्सर वैगन के दरवाजों पर ज्यादा वजन का माल लाद दिया जाता है जिससे खतरे की आशंका रहती है।
पत्र के अनुसार माल की लोडिंग के लिए आरडीएसओ द्वारा जो दिशा निर्देश जारी किए गए हैं उसका पूरी तरह पालन सुनिश्चित करवाया जाए।
माल की लोडिंग इस तरह से करवाई जाए की वैगन के सभी हिस्सों में उसका भार एक समान हो। आमतौर पर बोरियों में माल का लदान किया जाता है इसलिए बोरियों की सेटिंग ठीक ढंग से होना आवश्यक है। बोरियों के ढेर की ऊंचाई समान स्तर पर रखी जाए और प्रत्येक भाग में उसकी संख्या भी बरकरार होनी चाहिए।
पत्र में आगे कहा गया है कि लोडिंग का 2 मिनट का वीडियो बनाया जाए जिसकी क्वालिटी अच्छी हो और जिसमें लदान के प्रत्येक चरण की साफ और स्पष्ट तस्वीर नजर आए। खासकर रेलवे वैगन के दरवाजे के पास बोरियों की लोडिंग की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होनी चाहिए।
इस तस्वीर को एमबी गुड्स व्हाट्स एप ग्रुप में शेयर की जाएगी। वाणिज्य निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षकों को इस सम्बन्ध में टर्मिनल पर कार्यरत हैंडलिंग एजेंटों एवं श्रमिकों को लदान के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी प्रदान करने के लिए कहा गया है। इसके लिए अलग-अलग मिटिंग आयोजित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है। यह अभियान एक माह तक जारी रहेगा ।
