मसालों का उत्पादन 125.03 लाख टन पर पहुंचा
26-Nov-2025 01:10 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2024-25 सीजन के लिए मसाला सहित अन्य बागवानी फसलों के उत्पादन का तीसरा अग्रिम अनुमान जारी किया है जिससे संकेत मिलता है कि मसालों का घरेलू उत्पादन 2023-24 सीजन के 124.84 लाख टन से सुधरकर 2024-25 के सीजन में 125.03 लाख टन पर पहुंच गया।
इसके तहत खासकर लहसुन, अदरक एवं हल्दी आदि के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई। कृषि मंत्रालय का यह तीसरा अग्रिम उत्पादन अनुमान है जबकि चौथा एवं अंतिम अनुमान आगामी महीनों में जारी किया जाएगा।
कृषि मंत्रालय के मुताबिक बागवानी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 2023-24 सीजन के 290.86 लाख हेक्टेयर से 4 लाख हेक्टेयर बढ़कर 2024-25 के सीजन में 294.88 लाख हेक्टेयर तथा इसका सकल उत्पादन 3547.44 लाख टन से 143.11 लाख टन उछलकर 3690.55 लाख टन पर पहुंच गया। इसमें फलों, सब्जियों तथा मसालों का रकबा भी शामिल है।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान फसलों का उत्पादन 5.12 प्रतिशत या 57.82 लाख टन बढ़कर 1187.60 लाख टन तथा सब्जियों का उत्पादन 4.09 प्रतिशत या 84.76 लाख टन बढ़कर 2156.84 लाख टन पर पहुंच गया। फसलों के संवर्ग में केला, आम, अमरुद, पपीता मंदारिन तथा कटहल आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा
जबकि सब्जियों में प्याज का उत्पादन 242.67 लाख टन से 26.88 प्रतिशत उछलकर 307.89 लाख टन, आलू का उत्पादन 1.85 प्रतिशत सुधरकर 581.08 लाख टन तथा टमाटर का उत्पादन बढ़कर 194.68 लाख टन पर पहुंचा।
केन्द्र सरकार बागवानी फसलों की खेती में नई-नई तकनीक के उपयोग को प्रोसाहित कर रही है जिससे फसलों की औसत उपज दर एवं उत्पादकों की आमदनी में बढ़ोत्तरी हो सके। किसानों को उच्च उत्पादकता वाले उन्नत बीज का वितरण भी किया जा रहा है।
