मेथी की पैदावार एवं क्वालिटी में सुधार आने के संकेत

12-May-2025 08:20 PM

जोधपुर। बिजाई क्षेत्र में थोड़ी वृद्धि होने तथा मौसम की हालत अनुकूल रहने से चालू वर्ष के दौरान न केवल मेथी की पैदावार बेहतर होने के आसार हैं बल्कि इसकी क्वालिटी में भी सुधार आने के संकेत मिल रहे हैं।

मेथी के प्रमुख उत्पादक राज्यों में गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश शामिल है। राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर तथा प्रतापगढ़ जिलों में मेथी का भारी उत्पादन होता है जबकि मध्य प्रदेश में इसके प्रमुख उत्पादक जिलों में जावरा, मंदसौर तथा नीमच आदि सम्मिलित हैं। गुजरात के भी कई जिलों में मेथी का अच्छा उत्पादन होता है। नए माल की आवक प्रमुख मंडियों में पहले ही आरंभ हो चुकी है। 

पिछले साल उत्पादन कमजोर होने से मेथी का भाव कुछ ऊंचा और तेज रहा था जबकि चालू वर्ष के दौरान इसमें कुछ नरमी आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। लेकिन क्वालिटी बढ़िया होने से दाम में भारी गिरावट आना मुश्किल लगता है।

आगामी समय में अचार ,निर्माण के लिए मेथी की मांग बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। वर्तमान समय में भी इसकी मांग सामान्य है मगर भाव पिछले साल से कुछ नीचे  है।

राजस्थान के बीकानेर संभाग में अप्रैल के अंतिम सप्ताह से नए मेथी दाना की आपूर्ति हो रही है। इसका शुरूआती भाव 5300/5400 रुपए प्रति क्विंटल पर खुला था। इधर दिल्ली की थोक किराना मंडी में मेथी का दाम नीचे में 6300/6400 रुपए से लेकर ऊपर में 7000/8000 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बताया जा रहा है।

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार जोरदार मांग के अभाव में मेथी का भाव कुछ नीचे है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में यह 5500 रुपए प्रति क्विंटल के करीब है। एमपी में नए माल की आवक बहुत पहले शुरू हो गई थी। ग्वालियर में करीब 45-50 बोरी मेथी की औसत दैनिक आवक हो रही है।

मेथी में निर्यात मांग भी ज्यादा मजबूत नहीं है इसलिए कीमतों को सहारा नहीं मिल रहा है। लेकिन यह स्थिति लम्बे समय तक बरकरार नहीं रहेगी। दिसावरी व्यापारियों एवं निर्यातकों की सक्रियता पर दबाव बना हुआ है।

रतलाम-जावरा लाइन में पिछला स्टॉक काफी कम बताया जा रहा है इसलिए मांग निकलने पर कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बन सकता है।

वहां इसकी आवक अच्छी हो रही है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के बाद मंडियों में आवक कमजोर पड़ सकती है। मेथी रबी सीजन की मसाला फसल है जिसका उत्पादन जीरा, धनिया एवं सौंफ के साथ होता है।