मध्य प्रदेश में एमएसपी पर मूंग तथा उड़द की सरकारी खरीद शुरू

07-Jul-2025 12:28 PM

भोपाल। मध्य प्रदेश में आज यानी 7 जुलाई 2025 से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द की सरकारी खरीद आरंभ हो गई है जिसके लिए किसानों का रजिस्ट्रेशन करने की  प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मूंग की खरीद के लिए 30 जून 2025 तक 2.94 लाख किसानों का रजिस्ट्रेशन हुआ जबकि उड़द के लिए 11,495 किसानों ने अपना पंजीकरण करवाया। दोनों दलहनों की खरीद 7 जुलाई से शुरू होकर 6 अगस्त तक जारी रहेगी। 

केन्द्र सरकार द्वारा 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के लिए मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8682 रुपए प्रति क्विंटल तथा उड़द का समर्थन मूल्य 7400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

इसी मूल्य स्तर पर किसानों से दलहनों की खरीद की जाएगी। केन्द्र सरकार ने इस बार 3.51 लाख टन मूंग एवं 1.23 लाख टन उड़द की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। 

मध्य प्रदेश के जिन जिलों में एमएसपी पर किसानों से मूंग की खरीद की जाएगी उसमें जबलपुर, गुना, सागर, देवास, सीहोर, हरदा, रायसेन, नरसिंहपुर, विदिशा, दमोह, कटनी, खंडवा, खरगोन, नर्मदा पुरम,

बालाघाट, इंदौर, अशोक नगर, शिवपुरी, मंडला, राजगढ़, धार, उमरिया, छतरपुर, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, भोपाल, सिवनी, भिंड, श्योपुर, मुरैना, बैतुल, बड़वानी एवं सतना शामिल है। 

इसके साथ-साथ बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, पन्ना, शिवनी, डमरिया, दमोह जबलपुर, नरसिंहपुर एवं कटनी जिलों में उड़द की सरकारी खरीद की जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में ग्रीष्मकालीन (जायद सीजन) के दौरान मूंग एवं उड़द की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। कमोबेश 30 जिलों में मूंग एवं 13 जिलों में उड़द की बिजाई होती है

जबकि फसल की कटाई-तैयारी मई के तीसरे सप्ताह से आरंभ हो जाती है। वहां इस बार करीब 95 हजार हेक्टेयर में उड़द की बिजाई हुई और 1.24 लाख टन की पैदावार होने की उम्मीद है।