मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर 46 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित

03-Oct-2024 04:22 PM

भोपाल । मध्य प्रदेश में 2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान 46 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इसकी खरीद की जाएगी।

केन्द्र सरकार ने धान का एमएसपी सामान्य श्रेणी के लिए 2300 रुपए प्रति क्विंटल तथा 'ए' ग्रेड के लिए 2320 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया है।

4 अक्टूबर तक किसान अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं जिसकी प्रक्रिया सितम्बर में ही शुरू हो गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार 1.95 लाख किसानों का पंजीकरण पहले ही हो चुका है। 

राज्य सरकार ने इस बार चावल मिलर्स को कस्टम मिलिंग के लिए सीधे क्रय केन्द्रों से ही धान का स्टॉक आवंटित करने का निर्णय लिया है जिससे परिवहन व्यय एवं भंडारण खर्च में बचत होगी।

मध्य प्रदेश में नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने अधिकारियों को धान की निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्थिति की समीक्षा करते रहने के निर्देश दिए हैं।

पिछले सप्ताह चावल उद्योग एवं सरकार के बीच एक बैठक आयोजित की गई थी जिसमें विभिन्न सम्बन्धित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। 

इस मीटिंग में सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन में 46 लाख टन धान खरीदने का निर्णय लिया गया है और किसनों को उसके धान के दाम का शीघ्र भुगतान करने की व्यवस्था की गई है।

परिवहन खर्च को सीमित रखने के लिए गोदाम स्तरीय केन्द्र खोले जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केन्द्र सरकार ने इस बार धान मिलिंग की समय सीमा जून 2025 तक नियत की है।

इसे देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने मिलर्स को सीधे क्रय केन्द्रों  से धान मुहैया करवाने का निर्णय लिया है। आवंटन धान की मिलिंग से निर्मित चावल का 60 प्रतिशत भाग केन्द्रीय पूल में भारतीय खाद्य निगम को दिया जाएगा।

चावल मिलर्स ने सरकार से पिछले साल के लम्बित बकाया का भुगतान जल्दी करने तथा नमी के आधार पर धान से चावल के निर्माण का स्तर नियत करने का आग्रह किया।