मध्यवर्ती ब्राजील में बारिश की संभावना से सोयाबीन की बिजाई की गति बदलने के आसार
07-Oct-2024 12:14 PM
सोदिसो। लैटिन अमरीकी देश-ब्राजील के मध्यवर्ती भाग में मई से ही मौसम काफी गर्म और शुष्क बना हुआ है। कुछ इलाको में तो तापमान 100 से 108 डिग्री फारेनहाइट पर पहुंच गया है और खेतो में नमी बिल्कुल खत्म हो गई है। इससे वहां खासकर सोयाबीन तथा मक्का की बिजाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बिजाई का सीजन पिछले महीने ही आरम्भ हो चूका है मगर अभी तक इसकी रफ्तार काफी धीमी देखी जा रही है। मौसम विभाग ने अगले शुष्क दिनों में वहां अच्छी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है जिसकी सख्त जरूरत है। उल्लेखनीय है कि इसी मध्यवर्ती क्षेत्र में अवस्थित माटो ग्रोसो ब्राजील में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त माना जाता है। वहां किसान बिजाई के लिए तो पूरी तरह तैयार है लेकिन कृषि विशेषज्ञ सलाह दे रहे है कि जब तक अच्छी वर्षा न हो जाए तब तक बिजाई में जल्दबाजी न दिखाई जाए।
गत सप्ताह ब्राजील के मध्यवर्ती भाग में थोड़ी बारिश हुई लेकिन इससे बिजाई के लिए मजबूत आधार नहीं बन सका सोयाबीन की खेती में लगातार देर होती जा रही है जिससे इसकी उपजदर एवं कुल पैदावार में गिरावट आ सकती है। अक्टूबर के आरम्भ एवं मध्यवर्ती ब्राजील के माटो ग्रोसो प्रान्त में 1 प्रतिशत से भी कम क्षेत्रफल में सोयाबीन की बिजाई संभव हो सकी जिससे वहां मौसम के अत्यंत विषम हालात का स्पष्ट संकेत मिलता है। सोयाबीन की बिजाई का सीजन 10 सितम्बर से ही शुरू हो गया है। आगे यदि मौसम अनुकूल रहा तो वहां किसान प्रत्येक सप्ताह करीब 15 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन की बिजाई कर सकते है। दूसरी ओर दक्षिणी ब्राजील में पिछले कुछ सप्ताहों से अच्छी बारिश हो रही है और इसलिए वहां बिजाई में कोई बाधा नहीं पड़ रही है। पराना प्रान्त में 60 प्रतिशत मक्का तथा 22 प्रतिशत सोयाबीन की बिजाई पहले ही हो चुकी है।
