म्यांमार में सिर्फ शब्दों से दलहन व्यापार करने वालों को एसोसिएशन की चेतावनी
17-Nov-2025 09:42 PM
मांडले। म्यांमार में पल्सेस, बीन्स, मैज एंड सीसेम मर्चंट्स एसोसिएशन द्वारा की गई घोषणा में उन कारोबारियों के खिलाफ नियमों कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी जारी की गई है जो वातविक स्टॉक को मौजूदगी के बगैर केवल शब्दों, वादों एवं आश्वासनों के आधार पर कारोबार करने में संलग्न हैं।
एसोसिएशन में यंगून क्षेत्र के चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ हुई एक बैठक में इसकी घोषणा की जिसका उद्देश्य दलहनों एवं बीन्स के लिए एक बेहतर घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार सुनिश्चित करना तथा निर्यात क्षेत्र को प्रोत्साहन देना है।
एसोसिएशन ने कहा है कि सिर्फ बातों के आधार पर बताई जाने वाली व्यापारिक गतिविधियां अस्वीकार्य है और एसोसिएशन अपने नियमों- प्रावधानों के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ कदम उठाने के लिए स्वतंत्र है
उल्लेखनीय है कि इस एसोसिएशन की स्थापना 1992 में हुई थी जिसका लक्ष्य (उद्देश्य) कृषि क्षेत्र की गतिविधियों की निरंतरता में सहयोग प्रदान करना तथा स्थानीय किसानों और खासकर दलहन, बीन्स, मक्का एवं तिल की खेती में सक्रिय उत्पादकों के लिए उचित अवसरों का निर्माण करना है।
म्यांमार संसार के अग्रणी दलहन निर्यातक देशों की सूची में शामिल है जहां से खासकर उड़द, मूंग एवं तुवर जैसे दलहनों का भारी निर्यात होता है। इसके अलावा वह मक्का एवं तिल का निर्यात भी बड़े पैमाने पर करता है। भारत में म्यांमार से उड़द एवं तुवर का भारी आयात होता है जबकि कभी-कभार मक्का भी मंगाया जाता है।
