म्यांमार में तुवर का उत्पादन 4 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान
17-Nov-2025 10:37 AM
यंगून। भारत के पूर्वोत्तर पड़ोसी देश- म्यांमार में 2025-26 सीजन के दौरान अरहर (तुवर) का उत्पादन बढ़कर 4 लाख टन या इससे ऊपर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। एक अग्रणी निर्यातक फर्म के अनुमान 2024-25 सीजन के दौरान म्यांमार में करीब 3.50-3.60 लाख टन तुवर का उत्पादन हुआ जबकि 2025-26 के सीजन में इसमें 50-60 हजार टन की और बढ़ोत्तरी हो सकती है।
इस बढ़ोत्तरी का स्तर और भी ऊंचा हो सकता था लेकिन पिछले 6 माह से बाजार भाव नीचे रहने के कारण किसानों में अपेक्षित उत्साह नहीं रहेगा।
तुवर की बिजाई में सीमित इजाफा हो सकता है और मौसम की हालत अनुकूल रहने पर इसकी औसत उपज दर में अच्छी बढ़ोत्तरी हो सकती है।
दरअसल अफ्रीकी देशों तंजानिया, मोजाम्बिक, मलावी एवं सूडान आदि में तुवर का औसत निर्यात ऑफर मूल्य म्यांमार की तुलना में करीब 200 डॉलर प्रति टन नीचे चल रहा है जिससे भारत में वहां से आयात बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके बावजूद भारत में म्यांमार की तुवर की अच्छी मांग बनी हुई है। निर्यातक फर्म के मुताबिक वर्ष 2025 के शुरुआती 10 महीनों (जनवरी-अक्टूबर) के दौरान म्यांमार से भारत को करीब 3.30 लाख टन तुवर का निर्यात किया गया जिसका मासिक औसत 33 हजार टन बैठता है।
भारत सरकार ने हाल ही में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इस बार भी तुवर की भारी खरीद की घोषणा की है। यह एमएसपी बहुत ऊंचा यानी 8000 रुपए प्रति क्विंटल नियत हुआ है इलसिए भारत में म्यांमार एवं अफ्रीकी देशों से सस्ते दाम पर तुवर का भारी आयात आगे भी निरन्तर जारी रहने की उम्मीद है।
म्यांमार इसके लिए पूरी तरह तैयार भी है। वैसे भी 2025-26 सीजन के दौरान भारत में तुवर का उत्पादन घटकर 30-32 लाख टन पर अटक जाने की संभावना है जिससे आयात पर निर्भरता बढ़ सकती है। म्यांमार में दलहन फसलों की बिजाई आरंभ हो चुकी है। ,
