Home News
24-Sep-2026 07:38 PM
सिंगापुर। हालांकि अल नीनो मौसम चक्र के कारण दक्षिण पूर्व एशिया में ऑयल पाम का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है लेकिन इसका असर अगले साल सामने आ सकता है। दूसरी ओर वर्तमान समय में इंडोनशिया तथा मलेशिया में पाम तेल का भारी-भरकम बकाया स्टॉक मौजूद है और इसके उत्पादन का पीक सीजन भी जारी है।
यदि निर्यात प्रदर्शन उत्साहवर्धक नहीं रहता है तो निकट भविष्य में पाम तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। अगस्त के बाद अब सितम्बर में भी पाम तेल का उत्पादन बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
मलेशिया में पाम तेल का उत्पादन एवं स्टॉक बढ़ता जा रहा है जबकि भारत में उसके अनुरूप आयात में बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है समीक्षकों के मुताबिक मलेशिया में पाम तेल का स्टॉक बढ़कर 30 लाख टन से ऊपर पहुंच जाने की संभावना है जिससे कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
वैसे मलेशिया में बारिश कुछ कम हुई है लेकिन पाम तेल के उत्पादन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। अगस्त के अंत में वहां पाम तेल का स्टॉक बढ़कर 28.20 लाख टन पर पहुंच गया। सीपीओ के वायदा मूल्य में कमी आ रही है।