निर्धारित तिथि के पश्चात आयात किए गए मगज-तरबूज पर संकट के बादल
27-Sep-2024 08:40 PM
नई दिल्ली । वर्तमान में मगज-तरबूज की कीमतों में तेजी का दौर बना हुआ। वर्तमान निर्यात को देखते हुए अभी भी धारणा बाजार में तेजी की बनी हुई है। बाजार में चर्चा चल रही है कि आयात की निर्धारित तिथि के पश्चात आयात किए गए मगज-तरबूज की सरकार ने छानबीन शुरू कर दी है। सुना गया है कि कुछ आयातकों को डायरेक्ट रेट ऑफ रिन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने समन भी जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि मगज तरबूज की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार ने 5 अप्रैल-2024 को नोटिफिकेशन जारी कर मगज-तरबूज के आयात को 1 मई - 2024 से 30 जून 2024 तक खोल दिया गया था और आयातित माल की डिलीवरी भारतीय पोर्ट पर 31 अगस्त 2024 तक होनी थी मगर कुछ आयातकों द्वारा 30 जून - 2024 के पश्चात भी मगज-तरबूज के आयात सौदे किए गए है डीआरआई ने निर्धारित तिथि के पश्चात आयात किए सौदे को पोर्ट पर रोक दिए जाने के समाचार मिल रहे हैं।
बाजार में तेजी
विगत एक सप्ताह से बाजार में तेजी का दौर चल रहा है। और भाव अभी ओर बढ़ने के अनुमान लगाये जा रहे है। उल्लेखनीय है कि सितम्बर 2024 का जोधपुर में 7 स्टार सूडान का भाव 405/411 रुपए एवं 5 स्टार इंडियन का भाव 365 रुपए बोला जा रहा था जबकि वर्तमान में 7 स्टार सूडान का भाव 501/511 रुपए एवं 5 स्टार इंडियन का भाव 465 रुपए पर बोला जा रहा है।
धारणा तेजी की
जोधपुर के प्रसिद्ध एवं विश्वसनीय प्रतिष्ठान मैं० विकास उद्योग के श्री विकास सौनी का कहना है कि वर्तमान में काजू के दाम ऊंचे होने के कारण आगामी दिनों में त्यौहारी सीजन के दौरान मगज-तरबूज की मांग में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही गत दिनों हुई बारिश से भारतीय फसल को भी नुकसान हुआ है। नए मगज-तरबूज की आवक अक्टूबर माह के अंत तक शुरू होने की संभावना है। श्री सौनी का मानना है कि त्यौहारी एवं विवाह-शादी का सीजन होने के कारण आगामी दिनों में मगज-तरबूज के भाव 100/150 रुपए प्रति किलो तक बढ़ सकते हैं और 7 स्टार सूडान का भाव 650 रुपए का स्तर पार कर सकता है।
