ऑस्ट्रेलिया के मिश्रित भागों में दलहन फसलों की मिश्रित हालत

17-Jul-2025 07:23 PM

मेलबोर्न। ऑस्ट्रेलिया में मौसम एवं वर्षा की स्थिति के आधार पर विभिन्न भागों में चना, मसूर एवं फाबा बीन्स जैसे दलहन फसलों की स्थिति में मिश्रित रूख देखा जा रहा है। देश के उत्तरी क्षेत्र में फसल की हालत अच्छी या आदर्श बनी हुई है जबकि दक्षिणी भाग में औसत स्तर की देखी जा रही है।

वैसे उच्चतम उपज दर सुनिश्चित करने के लिए सभी इलाकों में अगले 15 दिनों के अंदर अच्छी बारिश होने की आवश्यकता है। फिलहाल अधिकांश क्षेत्रों में फसल संतोषजनक अवस्था में है। 

इस बीच साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त के मसूर उत्पादकों तथा न्यू साउथ वेल्स एवं क्वींसलैंड प्रान्त के चना उत्पादकों ने आगामी फसल के लिए अग्रिम खरीद बिक्री का अनुबंध आरंभ कर दिया है क्योंकि उन्हें उत्पादन का मोटा आइडिया प्राप्त होने लगा है। ऑस्ट्रेलियाई बाजार में मसूर एवं चना की कीमतों में अभी कुछ उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। 

ऑस्ट्रेलिया से कंटेनरों में सीमित मात्रा में चना का निर्यात शिपमेंट हो रहा है जबकि बल्क निर्यात में भारी कमी आ गई है। आयातकों का ध्यान नई फसल पर केन्द्रित है जिसकी कटाई-तैयारी एवं आवक अक्टूबर से आरंभ होने वाली है।

भारतीय आयातक ऑस्ट्रेलियाई चना की खरीद में नगण्य दिलचस्पी दिखा रहे हैं। जून में वहां से इसका आयात नहीं हुआ। जून की तुलना में चालू माह (जुलाई) के दौरान चना के दाम में मामूली बदलाव हुआ है।

दिसावरी पैकर्स को तात्कालिक डिलीवरी के लिए 800 डॉलर प्रति टन के आसपास चल रहा है जबकि नवम्बर-दिसम्बर में नई फसल की डिलीवरी का भाव लगभग 700 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है। यह कीमत ऑस्ट्रेलियन डॉलर में है। 

क्वींसलैंड प्रान्त के मध्यवर्ती भाग में चना की फसल सबसे ज्यादा प्रगतिशील अवस्था में है। वहां अगैती बिजाई वाली फसल में कहीं-कहीं फूल लगने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और कहीं-कहीं दाने भी आने लगे हैं।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यदि मौसम एवं वर्षा की हालत आगामी कुछ सप्ताहों तक अनुकूल रही तो इस फसल की उपज दर औसत स्तर से बेहतर हो सकती है। इतना ही नहीं बल्कि सितम्बर के अंत तक इसकी छिटपुट कटाई-तैयारी भी आरंभ हो जाने की उम्मीद है। अक्टूबर-नवम्बर में क्वींसलैंड प्रान्त से चना के नए माल का निर्यात जोर पकड़ सकता है।