पांचों संभागों में जल स्तर घटकर 90 प्रतिशत से नीचे आया

27-Dec-2025 03:16 PM

नई दिल्ली। बारिश की कमी एवं नियमित निकासी के कारण देश के पांचों संभागों के बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 90 प्रतिशत से नीचे आ गया है। लगातार सातवें सप्ताह जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय स्तर पर देश के 166 प्रमुख बांधों जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर उसकी कुल भंडारण क्षमता के 80 प्रतिशत रह गया। 

केन्द्रीय जल आयोग के आंकड़ों से पता चलता है कि इन 166 बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर 147.040 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पर आ गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का 80.10 प्रतिशत है।

लेकिन इसके बावजूद यह जलस्तर गत वर्ष से करीब 7 प्रतिशत तथा दस वर्षीय औसत से 23 प्रतिशत ज्यादा है इसलिए फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है। अगर जल्दी ही बारिश होती है तो जल स्तर में सुधार आ सकता है और रबी फसलों को अच्छी राहत मिल सकती है। 

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले सप्ताह 65 प्रतिशत कम वर्षा हुई। मध्यवर्ती क्षेत्र में बारिश बिल्कुल नहीं हुई जबकि दक्षिणी प्रायद्वीप में भी महज 5 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई। पूर्वी एवं पूर्वोत्तर संभाग में वर्षा की कमी 96 प्रतिशत दर्ज की गई।

वैसे 1 अक्टूबर से 24 दिसम्बर 2025 के बीच यानी दक्षिण- पश्चिम मानसून का सीजन बीतने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर 14 प्रतिशत अधिशेष बारिश हुई है।

यह वर्षा अधिकांशतः अक्टूबर तथा नवम्बर के प्रथम सप्ताह के बीच हुई। फिलहाल रबी फसलों की हालत सामान्य है और उसकी सिंचाई के लिए बांधों-जलाशयों में पानी का समुचित स्टॉक भी उपलब्ध है। ला नीना मौसम चक्र सक्रिय हो गया है जिससे आगे बारिश की संभावना दिख रही है।