पंजाब में 130 लाख टन गेहूं की आवक में से 10.80 लाख टन की व्यापारिक खरीद

19-May-2025 12:50 PM

चंडीगढ़। केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न का सर्वाधिक योगदान देने वाले राज्य- पंजाब में चालू वर्ष के दौरान प्रमुख मंडियों में एक सरकारी क्रय केन्द्रों पर 15 मई तक कुल मिलाकर 130.03 लाख टन गेहूं की आपूर्ति हुई

जिसमें से 119.24 लाख टन की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा तथा शेष 10.79 लाख टन की खरीद प्राइवेट फर्मों एवं मिलर्स / प्रोसेसर्स द्वारा की गई। उल्लेखनीय है कि पंजाब में गेहूं की सरकारी खरीद की समय सीमा 15 मई को समाप्त हो गई। 

पंजाब के खाद्यान्न एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री का कहना है कि मंडियों एवं क्रय केन्द्रों में गेहूं का जो भी स्टॉक पहुंचा उसके शत-प्रतिशत भाग की खरीद की गई और किसानों को कम से कम न्यूनतम समर्थन मूल्य अवश्य प्राप्त हुआ।

प्राइवेट फर्मों द्वारा समर्थन मूल्य से ऊंचे दाम पर किसानों से गेहूं खरीदा गया। उत्पादकों को अपना अनाज बेचने में कोई कठिनाई नहीं हुई। क्रय केन्द्रों पर खरीदे गए गेहूं का उठाव भी तेज गति से हो रहा है।

सरकारी एजेंसियों द्वारा इस बार राज्य के 7 लाख से अधिक किसानों से 119.24 लाख टन गेहूं खरीदा गया और इसके एवज में इसके बैंक खाते में 28,571 करोड़ रुपए जमा करवाए गए।

इस कुल खरीद में से 104.51 लाख टन गेहूं का उठाव पहले ही किया जा चुका है जबकि शेष स्टॉक का उठाव भी अगले कुछ दिनों में हो जाएगा।

हालांकि पंजाब में इस वर्ष 124 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य नियत किया गया था मगर वास्तविक खरीद उससे करीब 4.76 लाख टन कम हुई। 

किसानों से गेहूं की आसान एवं निर्बाध खरीद के लिए इस वर्ष पंजाब में कुल 2885 क्रय केन्द्र स्थापित किए गए थे जिसमें 1864 क्रय केन्द्र नियमित या स्थायी थे जबकि शेष 1021 क्रय केन्द्र अस्थायी तौर पर खोले गए थे। प्राइवेट खरीदारों को इस बार गेहूं खरीदने में शानदार सफलता हासिल हुई है।